बीकानेर

कूलर में पानी भरते समय असावधानी बन गयी मौत का कारण, पढ़े पूरी खबर

कूलर में पानी भरते समय असावधानी बन गयी मौत का कारण

बीकानेरJun 03, 2018 / 08:26 am

dinesh kumar swami

बीकानेर. इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है और गर्मी से निजात के लिए हर घर में कूलर का उपयोग भी हो रहा है, लेकिन कूलर में पानी भरते समय असावधानी बरतना मौत का कारण भी बन सकता है। आम्बेडकर कॉलोनी में भी एक महिला को कूलर में पानी भरते समय करंट लग गया। परिजन उसे बेसुध अवस्था में पीबीएम अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
 

पुलिस के अनुसार आम्बेडकर कॉलोनी निवासी अनिता (३५) दोपहर को घर पर चलते कूलर में पानी डाल रही थी। तभी उसे करंट लग गया और उसकी मौत हो गई। इस मामले में अनिता के परिजनों ने व्यास कॉलोनी थाने में मर्ग दर्ज करवाया है। करंट लगने से मौत का यह पहला मामला नहीं है, इससे पूर्व भी करंट लगने से महिलाओं व युवकों की मौत के मामले पीबीएम अस्पताल में आ चुके हैं।
 

 

ये सावधानी बरतें

कूलर में पानी डालने से पहले स्विच ऑफ कर प्लग बाहर निकाल दें। प्लास्टिक या फाइबर कूलर में भी करंट लगने से हो सकती है मौत, इसलिए सतर्कता जरूरी। लोहे के कूलर से पानी फीटिंग को सीधा नहीं जोड़ें, अन्यथा पानी की पाइप लाइन में करंट आ सकता है।
समय-समय पर कूलर की वायरिंग को अनुभवी मैकेनिक से चैक करवाएं। टेस्टर की मदद से कूलर की अर्थिंग या करंट की जानकारी के बाद उसे ठीक करवाएं। चालू कूलर पर गीले कपड़े से पोंछा नहीं लगाएं, अन्यथा करंट लग सकता है।
 

 

थोड़ी सी चूक हो सकती है जानलेवा

बिजली उपकरणों के इस्तेमाल में सावधानी बहुत जरूरी है। थोड़ी सी चूक भी भारी पड़ सकती है। कूलर लोहे की बॉडी या प्लास्टिक बॉडी का हो, इससे छूना भी कई बार घातक हो सकता है। इन दिनों गर्मी में कूलर की अधिक जरूरत है और बार-बार पानी भी डालना पड़ता है, इसलिए उसे छूने से पहले इसका बिजली से संपर्क काट देना जरूरी है अन्यथा यह हादसे का कारण भी बन सकता है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.