बीकानेरPublished: Sep 26, 2022 02:56:15 am
Brijesh Singh
करीब दो साल पहले एक श्रद्धालु ने मंदिर को चांदी का बड़ा दीपक भेंट किया। इसमें पांच सौ किलो घी डाला जा सकता है। इसके दुनिया का सबसे बड़ा चांदी का दीपक होने का दावा भी किया जाता है।
बीकानेर. बीकानेर से तीस किलोमीटर की दूरी पर देशनोक में िस्थत करणी माता मंदिर अपनी अद्भुत और चमत्कारी शक्ति के लिए विश्वविख्यात है। यह मंदिर चूहों वाली देवी के नाम से भी प्रसिद्ध है। यहां साक्षात चूहों के संसार को देखकर हर कोई मंत्रमुग्ध हो जाता है। मंदिर में हर तरफ उछल-कूद करते और दौड़ते-भागते चूहे दिखाई पड़ते हैं। मंदिर में शारदीय नवरात्र के नौ दिन मेला भरता है। देशी-विदेशी हजारों पर्यटक और श्रद्धालु मां करणी दरबार के दर्शन करने आते हैं। श्रद्धालु माता को मिठाई का प्रसाद चढ़ाते हैं। वहीं चूहों की दूध पिलाकर और भूने हुए चनों को खिलाकर सेवा करते हैं। करणी माता साक्षात मां जगदम्बा का अवतार मानी जाती हैं। करीब साढ़े छह सौ वर्ष पहले इस भव्य मंदिर वाले स्थान पर गुफा में रहकर मां करणी अपने इष्ट देव की पूजा अर्चना करती थीं। यह गुफा आज भी मंदिर परिसर में स्थित है। मां के ज्योर्तिलीन होने पर उनकी मूर्ति की इस गुफा में स्थापना की गई।