
Discom : Paint on iron poles
बीकानेर. बिजली के लोहे के खंभों से अब करंट नहीं लगेगा। इसके लिए बिजली कंपनी शहरी क्षेत्र में नई व्यवस्था करने जा रही है। करंट की आशंका को कम करने के लिए लोहे के खंभों पर विशेष तरह का लाल रंग किया जाएगा। कंपनी ने इसे 'इन्सुलेटेड' कलर बताया है, जिससे खंभे से करंट नहीं लग पाएगा।
कंपनी प्रायोगिक तौर पर पहले चरण में दो हजार खंभों पर इस तकनीक को आजमाएगी। रंग करने का काम शुरू कर दिया गया है। बिजली कंपनी के प्रतिनिधियों का दावा है कि प्रदेश में इस तरह का प्रयोग पहली बार बीकानेर से किया जा रहा है। लोहे के खंभे पर छह फीट ऊंचाई तक यह रंग किया जाएगा। इससे कोई व्यक्ति या पशु खंभे से छूने के बावजूद उसे करंट नहीं लगेगा।
होती हैं दुर्घटनाएं
बारिश के मौसम में लोहे के बिजली पोल खतरनाक साबित हो रहे हैं। खासकर मवेशियों की करंट लगने से जान चली जाती है। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद कई स्थानों पर इस तरह की घटनाएं हुई थी। हलांकि इसमें कुछ पोल रोडलाइट के भी थे। बिजली कंपनी ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए अब लोहे के खंभों पर विशेष तरह का रंग कर रही है।
शहरी क्षेत्र में चार हजार खंभे
शहरी क्षेत्र में अब भी चार हजार लोहे के खंभे हैं। इनमें से फिलहाल दो हजार खंभों पर इस तरह का रंग करने की योजना बनाई गई है। बीकेईसीएल के सीईईओ डी. चटर्जी ने बताया कि देश के कुछ एक महानगरों में ही इस तरह की व्यवस्था है। राजस्थान में पहली बार बीकानेर में ही इस तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा।
उमसभरी गर्मी ने किया बेहाल
बीकानेर. अंचल में मंगलवार को पूरे दिन उमसभरी गर्मी ने लोगों को बेहाल किया। दिन में सूरज की तपिश व उमस से लोग बेहाल रही वहीं शाम को बादलवाही रही। सूरज की तेज धूप के साथ उमसभरी गर्मी से तापमान में दो डिग्री बढ़ोतरी हो गई। मौसम विभाग के प्रभारी अधिकारी संजीव थानवी ने बताया कि आगामी दो-तीन दिनों में बारिश होने की संभावना है। मौसम में पूरे दिन सूरज की तपिश के साथ उमसभरी गर्मी ने शहरवासियों को परेशान किया। उमस से शहरवासियों को चिपचिपाहट व बैचेनी महसूस होने लगी और घरों में चलने वाले कूलर व पंखे भी बेअसर साबित हुए। दिन में लोगों को तपिश व उमस ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए। वहीं शाम को बादलों ने शहर की तरफ रुख किया। देखते ही देखते काले घने बादलों से शहर अट गया। बारिश नहीं होने से उमस ने लोगों को सताया। अधिकतम तापमान ३८.२ डिग्री व न्यूनतम तापमान २८.५ डिग्री सेल्सियस रहा।
Published on:
21 Aug 2018 11:34 am
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
