scriptगणपति बप्पा अगले बरस तू जल्दी आना | Patrika News
बीकानेर

गणपति बप्पा अगले बरस तू जल्दी आना

6 Photos
7 years ago
1/6
गणपति बप्पा मोरया, जय गणेश-जय गणेश देवा सरीखे जयकारे, हवा में उड़ती सतरंगी गुलाल, नाचते-गाते पुरुष-महिलाएं तथा सरोवरों पर श्रद्धालुओं की भीड़। यह नजारा रहा गणेश पूजन महोत्सव की पूर्णाहुति पर निकाली गई शोभायात्राओं तथा प्रतिमा विसर्जन स्थलों का। गणेश चतुर्थी से चल रहे दस दिवसीय गणेश पूजन महोत्सव की पूर्णाहुति मंगलवार को हुई। प्रतिमा स्थलों पर हवन, पूजन और महाआरती के आयोजन हुए। गाजे-बाजे के साथ शोभायात्राएं निकाली गई।
2/6
डीजे पर बज रहे भजनों की मधुर स्वर लहरियों के बीच युवक-युवतियां व बच्चे नाचते-गाते, डांडिया नृत्य करते हुए शोभायात्राओं में शामिल हुए। गणेश प्रतिमाओं का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर व गुलाल लगाकर स्तुती वंदना की गई। प्रतिमाओं का विभिन्न सरोवरों के जल में विसर्जन किया गया। सरोवरों के पास मेले सा माहौल रहा। पूजन-महोत्सव की पूर्णाहुति पर शहर के गली-मोहल्लों सहित घर-घर में आयोजित हुए पूजन-अनुष्ठान की पूर्णाहुति पर मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाओं का देवीकुंड सागर तालाब, संसोलाव, श्रीकोलायत आदि के सरोवरों के जल में विसर्जन किया गया।
3/6
बीकानेर पटेल नगर स्थित अजय पब्लिक स्कूल में गणेश चतुर्थी से चल रहे गणेश पूजन महोत्सव की पूर्णाहुति मंगलवार को हुई। महोत्सव की पूर्णाहुति पर प्रतिमा का विसर्जन देवीकुंड सागर तालाब में किया गया। शाला सचिव आनन्द सिंह पंवार के अनुसार महोत्सव के दौरान भगवान गणेश की प्रतिदिन पूजा-अर्चना की गई।
4/6
भगवान गणेश के विसर्जन के दौरान महोत्सव कमेटियों, मोहल्ला समितियों की ओर से शोभायात्राएं निकाली गई। वाहनों में गणेश प्रतिमाओं को विराजित कर विसर्जन स्थलों की ओर ले जाई गई। इस दौरान पुरुष, महिलाएं, युवक-युवतियां तथा बच्चे प्रतिमाओं के समक्ष नाचते-गाते हुए चल रहे थे। गणपति बप्पा मोरया, जय गणेश देवा के जयकारों से गली-मोहल्ले गुंजायमान रहे। शोभायात्राएं सरोवर स्थलों पर पहुंच कर सम्पन्न हुई।
5/6
गणेश पूजन महोत्सव की पूर्णाहुति पर मंगलवार को दस दिनों तक मिट्टी से बनी जिन गणेश प्रतिमाओं का पूजन किया गया। उनका विधि विधानपूर्वक सरोवरों के जल में विसर्जन किया गया। सदाफते बारह गुवाड़, रत्ताणी व्यास चौक, जोशीवाड़ा, विश्वकर्मा गेट वाल्मीकि बस्ती, साले की होली रघुनाथ मंदिर के समीप किराडू गली सहित विभिन्न स्थानों पर चल रहे महोत्सव स्थलों की प्रतिमाओं का विसर्जन सरोवर जल में किया गया। वहीं घरों में दस दिनों तक पूजन की गई गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन सरोवर जल में किया गया।
6/6
गणेश पूजन महोत्सव की पूर्णाहुति पर हवन-पूजन के विशेष आयोजन हुए। गणेश प्रतिमाओं के समक्ष हवन में आहुतियां दी गई। मोदक का विशेष भोग लगाया गया। महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
loksabha entry point
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.