scriptबारिश से सड़कें लबालब, गिर गया इतने डिग्री पारा | Heavy rain in Bikaner | Patrika News

बारिश से सड़कें लबालब, गिर गया इतने डिग्री पारा

locationबीकानेरPublished: May 18, 2019 09:49:00 am

Submitted by:

Atul Acharya

शहर में शुक्रवार को हुई बारिश ने नगर निगम प्रशासन की सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी।

Heavy rain in Bikaner

बारिश से सड़कें लबालब, गिर गया इतने डिग्री पारा

बीकानेर. शहर में शुक्रवार को हुई बारिश ने नगर निगम प्रशासन की सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी। शहर के अधिकतर हिस्सों में सीवरेज जाम हो गई, नालों से गंदा पानी उफन कर सड़कों पर फैल गया। शहर के निचले इलाकों में देर रात तक पानी भरा रहा। एेसे में राहगीरों व स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यहां तक कि शहर के व्यस्ततम बाजार कोटगेट के आस-पास भी राहगीरों को गंदे पानी से सामना करना पड़ा।

मानसून से पूर्व हुई बारिश के बाद शहरवासियों को भले ही गर्मी से राहत मिली हो, लेकिन उन्हें गंदे पानी और सड़कों पर फैली गंदगी का सामना भी करना पड़ा। इस दौरान करीब २.२ मिमी पानी बरसा। बारिश से तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार को जहां अधिकतम तापमान ३७.८ डिग्री था, वहीं बारिश होने के बाद तापमान ३३.७ डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि न्यूनतम तापमान में कोई खास असर नहीं दिखाई दिया।
मरीज परेशान
बारिश के बाद जहां गिन्नाणी, कोटगेट, अन्त्योदय नगर, सुदर्शना नगर, गजनेर रोड, मुक्ता प्रसाद, फड़बाजार, गंगाशहर-भीनासर, श्रीरामसर सहित विभिन्न क्षेत्रों में बारिश का पानी सड़कों पर जमा रहा। वहीं संभाग के सबसे बड़े अस्पताल पीबीएम परिसर की सड़कों पर बारिश के पानी ने मरीजों व उनके परिजनों को परेशान किया। यहां पानी की निकासी नहीं होने से मरीजों को गंदे पानी से मजबूरन निकलना पड़ा।
सड़कों पर पसरी गंदगी
नगर निगम प्रशासन मानसून से पहले नालों की सफाई कर रहा है, लेकिन कई स्थानों पर नालों से निकाली गंदगी को उठाया नहीं गया। शुक्रवार को हुई बारिश के बाद नालों के आस-पास पड़ी गंदगी पानी में बहकर सड़कों पर फैल गई। वहीं गंदगी से अटे नालों की सफाई नहीं होने से कई क्षेत्रों में गंदा पानी व गंदगी भी सड़कों पर आ गई।

इसलिए हो रही बारिश
मौसम विभाग शनिवार को भी आंधी-बारिश आने और इसके बाद गर्मी बढऩे की संभावना जताई है। शहर में शुक्रवार को सुबह तेज धूप से लोग परेशान रहे। शाम को बादल बरस पड़े। तीन-चार दिन से दिन में कम दबाव का क्षेत्र बनने से रात को आद्र्रता बढ़ जाती है। इससे आंधी व बारिश हो रही है। कम दबाव से पश्चिमी व मध्य एशिया के देशों से नम हवा आती है, तेज हवा चलती है तथा बादलों की आवाजाही से बारिश भी होती है।

ट्रेंडिंग वीडियो