script

हिन्दू बंदियों ने रखा व्रत, मुस्लिम बंदी रख रहे उनका ख्याल

locationबीकानेरPublished: Oct 03, 2022 02:00:45 am

Submitted by:

Brijesh Singh

कारागार में बंद हिन्दू महिला-पुरुष बंदी नवरात्रा का व्रत रख रहे हैं। वहीं व्रती हिन्दू बंदियों का ख्याल रखकर कुछ मुस्लिम बंदी साम्प्रदायिक सौहार्द की मिसाल पेश कर रहे हैं।

हिन्दू बंदियों ने रखा व्रत, मुस्लिम बंदी रख रहे उनका ख्याल

हिन्दू बंदियों ने रखा व्रत, मुस्लिम बंदी रख रहे उनका ख्याल

बीकानेर. सूबे की संवेदनशील जेल में शुमार रही बीकानेर केन्द्रीय कारागार में इन दिनों भक्तिरस और भाई-चारे की धारा बह रही है। कारागार की गगनचुंबी दीवारों के पीछे से बंदी साम्प्रदायिक सौहार्द व भाईचारे का संदेश दे रहे हैं। कारागार में बंद हिन्दू महिला-पुरुष बंदी नवरात्रा का व्रत रख रहे हैं। वहीं व्रती हिन्दू बंदियों का ख्याल रखकर कुछ मुस्लिम बंदी साम्प्रदायिक सौहार्द की मिसाल पेश कर रहे हैं। जेल प्रशासन भी व्रत रखने वाले बंदियों को स्वयंसेवी संगठनों के मार्फत खाद्य सामग्री उपलब्ध करा रहा है।

350 बंदी रख रहे व्रत

कारागार में 350 बंदी व्रत रख रहे हैं। इन बंदियों का सहयोग करीब 90 मुस्लिम बंदी कर रहे हैं। जेल प्रशासन भी व्रत रखने वाले बंदियों का ख्याल रखने में पीछे नहीं है। जेल प्रशासन स्वयंसेवी संगठनों के मार्फत व्रत रखने वाले महिला-पुरूष बंदियों को दूध, फल, उबले हुए आलू और पूजा पाठ की सामग्री उपलब्ध करा रहा है। केन्द्रीय कारागार में बंद मुस्लिम महिला और पुरुष बंदियों ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भी व्रत रखा था।

जेल का माहौल है बदला-बदला सा

बीते एक साल से कारागार का माहौल बदला – बदला सा है। कारागार में बंदियों के लिए विभिन्न संगठनों एवं नाबार्ड व इग्नू के सहयोग से योग, सिलाई कढाई, कंप्यूटर आदि का प्रशिक्षण शिविर चलाया जा रहा है। बंदियों के लिए कारागार में संचालित पुस्तकालय भी बंदियों को सुकून दे रहा है। समय-समय पर बंदियों के लिए श्रीमदभागवत कथा, श्रीराम कथा, ओशो ध्यान शिविर, योग शिविर समेत अन्य आयोजन किए जाते हैं, जिसमें हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदाय के बंदी भाग लेते हैं।

ट्रेंडिंग वीडियो