scriptगांव का लड़का, फ्रांस की लड़की, आज लेंगे सात फेरे | indian boy and france girl got married | Patrika News

गांव का लड़का, फ्रांस की लड़की, आज लेंगे सात फेरे

locationबीकानेरPublished: Oct 31, 2017 11:26:39 am

शादी में शिकरत करने के लिए लड़की पक्ष के 40 रिश्तेदार सात दिन से पलाना गांव में हैं।

Unique wedding
भारत की सभ्यता और संस्कृति ने फ्रांस में रहने वाली एक लड़की को इतना प्रभावित किया कि उसने बीकानेर मूल के एक लड़के से शादी करने की इच्छा अपने घरवालों से जाहिर कर डाली। फिर क्या था, लड़की के पापा और मम्मी बीकानेर के पलाना गांव पहुंचे, जहां लड़के का पुश्तैनी मकान था। परिजनों और गांव वालों से मिले तो वे भी उनसे खासे प्रभावित हुए, रिश्ता भी पक्का कर दिया।
अब मंगलवार को बीकानेर में पलाना गांव का अमित चौधरी और फ्रांस की लड़की अनाइस सात फेरे लेंगे। शादी में शिकरत करने के लिए लड़की पक्ष के 40 रिश्तेदार सात दिन से पलाना गांव में हैं।सोमवार रात बाकायदा मेहंदी की रस्म अदायगी हुई, जिसमें लड़की ने अपने हाथों में मेहंदी लगाई और दुल्हन के कपड़े पहन नाच-गानों में भी हिस्सा लिया।
दुल्हन को देखने पहुंची महिलाएं
पलाना में सोमवार को मेहंदी रात के दौरान दुल्हन को देखने गांव की महिलाओं का जमघट लगा रहा। भाषा की विषमता से वे गांव की होने वाली दुल्हन से बात तो नहीं कर पाईं, लेकिन इशारों से अपनी भावनाएं व्यक्त करने से नहीं चूकीं। ग्रामीणों में इस शादी को लेकर खासा उत्साह है।
फ्रांस की अनाइस ने ‘पत्रिका’ से बातचीत में कहा कि उसे अब एेसा लग रहा है, मानो उसका जन्म भारत में ही हुआ हो। वह सात दिनों से पलाना में हैं, लेकिन उसे बिल्कुल भी बोरियत नहीं हुई। उन्होंने बताया कि उनका भारत आना-जाना जारी रहेगा। अनाइस ने कहा कि मेरा परिवार यहां होटलों में ठहर सकता था, लेकिन संस्कृति जानने के लिए हम सात दिन से गांव में रह रहे हैं।
डिजानर हैं अनाइस
पलाना निवासी अमित चौधरी करीब दस साल से फ्रांस में इंजीनियर का काम कर रहे हैं। वहीं फ्रांस की अनाइस डिजाइनर हैं। दोनों की मुलाकात भी फ्रांस में हुई थी। अमित ने ‘पत्रिका’ से बातचीत में कहा कि अनाइस भारत की सभ्यता और संस्कृति से खासी प्रभावित है। उसकी इच्छा थी कि साल में एक बार वह भारत का भ्रमण करे।
वह यहां की सभ्यता और संस्कृति को नजदीक से जानने के लिए हिन्दी बोलने का अभ्यास कर रही हैं। चौधरी ने बताया कि शादी से पूर्व अनाइस के पापा और मम्मी भी करीब दो साल पहले बीकानेर आए थे। उनके दिलों-दिमाग में आज भी बीकानेर की संस्कृति हिलोरे ले रही है।
पिता 22 साल तक रहे साउथ अफ्रीका
अमित चौधरी के पिता भी 22 साल तक साउथ अफ्रीका में बतौर माइनिंग इंजीनियर के पद पर रहे। उन्होंने इस दौरान अपने बच्चों की शिक्षा-दिशा पर ध्यान देना नहीं छोड़ा। बेटे व बेटियों की की पढ़ाई ब्रिटेन में करवाई। अमित ने बताया कि उनके पिता की इच्छा थी कि वे चाहे कहीं भी रहें, लेकिन अपने
गांव और देश को नहीं भूलें। उनके पिता की करीब एक वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो