scriptलैब में कंप्यूटर से होंगे, सिखाने वाले नहीं | Labs will be from computers, not teachers | Patrika News

लैब में कंप्यूटर से होंगे, सिखाने वाले नहीं

locationबीकानेरPublished: Jul 22, 2020 12:30:07 am

Submitted by:

Jaibhagwan Upadhyay

bikaner news – Labs will be from computers, not teachers

लैब में कंप्यूटर से होंगे, सिखाने वाले नहीं

लैब में कंप्यूटर से होंगे, सिखाने वाले नहीं

प्रदेश की 511 सरकारी स्कूलों में कम्प्यूटर लैब की स्वीकृति
बीकानेर को मिली मात्र एक कम्प्यूटर लैब
जयभगवान उपाध्याय.
बीकानेर.
प्रदेश में स्कूली कम्प्यूटर शिक्षा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि स्कूलों में कम्प्यूटर लैब तो होंगे, लेकिन कम्प्यूटर को सिखाने वाले नहीं मिलेंगे। विद्यार्थियों को कम्प्यूटर शिक्षा के लिए सरकार कम्प्यूटर विक्रय कम्पनी या ठेके के प्रशिक्षकों का सहारा लेगी। हाल ही में राज्य सरकार ने प्रदेश की सरकारी स्कूलों में कम्प्यूटर शिक्षा को सुदृढ़ करने के लिए 511 स्कूलों में कम्प्यूटर लैब खोलने की स्वीकृति दी है। लेकिन हैरानी की बात है कि पूर्व में संचालित कम्प्यूटर लैब में पड़े कम्प्यूटर भी धूल-मिट्टी से खराब हो रहे हैं। उन्हें बिना संचालित किए ही उनकी गारंटी अवधि पूरी हो चुकी है।

पांच हजार कम्प्यूटरों की होगी खरीद
जानकारों की मानें तो एक कम्प्यूटर लैब में दस कम्प्यूटर होते हैं। ऐसे में प्रदेश की 511 स्कूलों में कम्प्यूटर लैब स्थापित करने के लिए सरकार को करीब पांच हजार कम्प्यूटरों की खरीद करनी होगी। सरकारी स्कूलों में कम्प्यूटर शिक्षा के लिए राज्य सरकार जनसहभागिता से कम्प्यूटर लैब स्थापित करती है। प्रदेश के नागौर जिले में सबसे अधिक १०३ स्कूलों में कम्प्यूटर लैब खोले जाने की स्वीकृति मिली है। वहीं हनुमानगढ़, बीकानेर, अजमेर, करौली में महज एक-एक स्कूल में ही कम्प्यूटर लैब खोली जाएंगी।

बीकानेर में 288 लैब
बीकानेर जिले की 288 सरकारी स्कूलों में पहले से ही कम्प्यूटर लैब बनी हुई है। लेकिन यहां अध्ययनरत विद्यार्थियों को कम्प्यूटर शिक्षा के लिए कोई सरकारी प्रशिक्षक नहीं है। पिछले लम्बे अर्से से प्रदेश के बेरोजगार कम्प्यूटर शिक्षक भर्ती करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही। सरकार हर साल कम्प्यूटर शिक्षा के नाम पर स्कूलों में कम्प्यूटर लैब स्वीकृत करती है, लेकिन कम्प्यूटर शिक्षकों की भर्ती नहीं हो रही। हाल ही में राज्य सरकार की ओर से स्वीकृत की गई 511 कम्प्यूटर लैब में बीकानेर के नोखा की एक सरकारी स्कूल को चिन्हित किया है।

क्या कहते हैं अधिकारी
बीकानेर में 288 कम्प्यूटर लैब सरकारी स्कूलों में स्वीकृत हैं। इन्हें संचालित करने के लिए कम्प्यूटर विक्रेता कम्पनी के साथ ही करार किया जाता है। फिलहाल बीकानेर के नोखा में एक नई कम्प्यूटर लैब स्कूल के लिए स्वीकृत हुई है।
राजकुमार शर्मा, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, बीकानेर
भगवान भरोसे कम्प्यूटर लैब
जिले की सरकारी स्कूलों में कम्प्यूटर लैब बनी है, लेकिन विद्यार्थियों को कम्प्यूटर प्रशिक्षण देने वाला कोई अनुभवी अध्यापक नहीं है। करोड़ों रुपए के कम्प्यूटर धूल फांक रहे हैं। सरकार को कम्प्यूटर शिक्षकों की भर्ती कर कम्प्यूटर शिक्षा को और अधिक मजबूत बनाना चाहिए। केवल कम्प्यूटर लैब खोल देने से कुछ नहीं होने वाला।
किशोर पुरोहित, प्रदेश संरक्षक राजस्थान शिक्षक संघ (भगतसिंह) बीकानेर
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो