scriptशहर में सांड का उत्पात, हो गए कई लोग घायल | Many people injured by Stray bull | Patrika News

शहर में सांड का उत्पात, हो गए कई लोग घायल

locationबीकानेरPublished: Jan 06, 2018 12:13:50 pm

निराश्रित सांड के उत्पात मचाने की सूचना मिलते ही नगर निगम का दल मौके पर पहुंच गया।

Bull
शहर में निराश्रित पशुओं की बढ़ रही संख्या से आमजन परेशान है और इनकी चपेट में आने लोगों के घायल होने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार सुबह पीबीएम अस्पताल रोड पर एक निराश्रित सांड के उत्पात मचाने से उसकी चपेट में आने से तीन लोग घायल हो गए। वहीं कई वाहनों को नुकसान पहुंचा।
निगम इंस्पेक्टर अनूप भाटी के अनुसार निराश्रित सांड के उत्पात मचाने की सूचना मिलते ही नगर निगम का दल मौके पर पहुंच गया। पीबीएम रोड से यह सांड सादुल कॉलोनी एक्स-रे गली की ओर चला गया। यहां निगम कर्मचारियों ने बड़ी मशक्कत के बाद इसे काबू किया।
बताया जा रहा है कि इस सांड की चपेट में आने से घायल हुए एक व्यक्ति को ट्रोमा सेंटर ले जाया गया। निगम जमादार जेठाराम के अनुसार अनियंत्रित सांड रास्ते में जो भी आ रहा था, उसको टक्कर मारते हुए चलता रहा। उसके मुंह से झाग भी निकल रहे थे।
सांड के उत्पात मचाने से पीबीएम रोड व सादुल कॉलोनी क्षेत्र में एकबारगी अफरा-तफरा मच गई। निगम कर्मचारी जेठाराम जमादार, इन्द्रचन्द, भीमसेन, विजय पण्डित व तीन चार अन्य कर्मचारियों ने इस सांड को काबू में किया व ले गए।
जोड़बीड़ मृत पशु स्थल पर सत्याग्रह आज
निराश्रित गोवंश के संरक्षण को लेकर शनिवार को जोड़बीड़ क्षेत्र में मृत पशु स्थल पर शहर कांग्रेस की ओर से एक दिन का सत्याग्रह किया जाएगा। कांग्रेस नेता गोपाल गहलोत के अनुसार निराश्रित गोवंश को रखने और उनके संरक्षण के लिए जिला प्रशासन एवं नगर निगम प्रशासन की ओर से कोई पुख्ता व्यवस्था नहीं है। निराश्रित गोवंश की बढ़ रही संख्या से आमजन परेशान हैं।
शहर कांग्रेस कार्यालय में शुक्रवार को हुई बैठक में गोवंश को बचाने के आंदोलन के साथ बिजली निजीकरण और बढ़ते पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस के दामों के खिलाफ कांग्रेस की ओर से आंदोलन किए जाने का निर्णय मासिक बैठक में लिया गया। इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल गहलोत, कांग्रेस नेता जनार्दन कल्ला, पीसीसी सदस्य गोपाल गहलोत, वल्लभ कोचर, कन्हैयालाल कल्ला सहित महिला कांग्रेस, इंटक सहित कांग्रेस के अग्रिम संगठनों से जुड़े पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
वहीं 17 जनवरी को प्रस्तावित अनिश्चितकालीन धरने को लेकर जनजागरण कार्यक्रम जारी है। शुक्रवार को रामपुरा मस्जिद के पास और रामपुरा गली संख्या 14 वाल्मीकि भवन में नुक्कड़ बैठक के साथ घर-घर जनसम्पर्क कर लोगों की समस्याओं की जानकारी ली गई।

ट्रेंडिंग वीडियो