scriptसफाई व्यवस्था की मोनिटरिंग कार्यवाहक कार्मिकों के भरोसे | Monitoring of the sanitation system relied on the caretakers | Patrika News

सफाई व्यवस्था की मोनिटरिंग कार्यवाहक कार्मिकों के भरोसे

locationबीकानेरPublished: Mar 04, 2021 06:44:42 pm

Submitted by:

Vimal

स्वास्थ्य अधिकारी से जमादार तक कार्यवाहकस्वच्छता सर्वेक्षण इसी माह, जगह-जगह लगे है कचरे के ढेर

सफाई व्यवस्था की मोनिटरिंग कार्यवाहक कार्मिकों के भरोसे

सफाई व्यवस्था की मोनिटरिंग कार्यवाहक कार्मिकों के भरोसे

बीकानेर. नगर निगम स्वच्छता सर्वेक्षण – 2021 में भले ही शहर की रैंकिंग में सुधार की बात कह रहा हो, लेकिन शहर की सफाई व्यवस्था स्थाई कार्मिकों के पास न होकर कार्यवाहक कार्मिकों के भरोसे है। निगम में स्वास्थ्य अधिकारी से लेकर स्वच्छता निरीक्षक और जमादार तक कार्यवाहक है। सफाई व्यवस्था की मोनिटरिंग करने वाले कार्मिकों के कार्यवाहक होने से स्वच्छता सर्वेक्षण में शहर की रहने वाली रैंकिंग का सहज अनुमान लगाया जा सकता है। सफाई व्यवस्था ही नहीं ऑटो टिप्पर, सीवरेज सफाई, ट्रेक्टर ट्रॉली परिवहन के कार्यो की मोनिटरिंग भी कार्यवाहक कार्मिकों के पास है। वहीं दूसरी ओर स्वच्छता सर्वेक्षण के बावजूद शहर में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए है। कचरे के ढेर पर पशु मंडरा रहे है। कई स्थानों पर कचरा पात्र कचरे से अटे पड़े है।

 

एचओ के दो पद दोनो रिक्त
निगम में स्वास्थ्य अधिकारी के दो पद स्वीकृत है। दोनो पदों पर लम्बे समय से स्थाई स्वास्थ्य अधिकारी पदस्थापित नहीं है। वर्तमान में स्वास्थ्य अधिकारी का एक पद स्वच्छता निरीक्षक ओम प्रकाश जावा संभाले हुए है। जबकि दूसरा पद रिक्त चल रहा है।

 

16 सर्किल, 05 स्थाई एसआई
नगर निगम क्षेत्र के 80 वार्डो को 16 सर्किलों में बांटा हुआ है। प्रत्येक सर्किल में नियमानुसार एक-एक स्वच्छता निरीक्षक होना चाहिए। निगम में वर्तमान में 16 सर्किलों में 07 स्वच्छता निरीक्षक कार्यरत है। इनमें से दो एसआई में एक जमादार और दूसरा कनिष्ठ लिपिक है। वहीं निगम की ओर से 09 सफाई कर्मचारियों को स्वच्छता प्रभारी पदनाम देते हुए सर्किल आवंटित कर रखे है, जिन पर डीएलबी आपत्ति जता चुका है। बताया जा रहा है कि निगम में दो सीएसआई तथा 10 एसआई के पद स्वीकृत है।

 

50 वार्डो में कार्यवाहक जमादार
शहर की सफाई व्यवस्था की मोनिटरिंग को लेकर निगम कितना गंभीर है, इसका अंदाज इसी बात से लगाया जा सकता है कि निगम क्षेत्र के 80 वार्डो में 50 वार्डो में कार्यवाहक जमादार कार्यरत है। इनका मूल पद सफाई कर्मचारी का है। इनको जमादार का दायित्व दिया हुआ है। बताया जा रहा है कि निगम में जमादार के 52 पद स्वीकृत है। सभी स्वीकृत पदों पर भी स्थाई जमादार नहीं है।

 

सफाई कार्मिकों के भरोसे यह कार्य
कार्यवाहक कार्मिकों के भरोसे चल रही निगम की सफाई व्यवस्था में सीवरेज सफाई, ऑटो टिप्पर, ट्रेक्टर ट्रॉली संचालनन कार्य भी शामिल है। निगम ने सफाई कार्मिकों को अस्थाई रूप से सीवरेज सफाई, घर-घर कचरा संग्रहण के लिए ऑटो टिप्पर और सडक़ों से कचरे निस्तारण के लिए ट्रेक्टर ट्रॉली कार्य की मोनिटरिंग व्यवस्था भी सौंप रखी है। यह व्यवस्था भी कार्यवाहक है।

ट्रेंडिंग वीडियो