scriptनगर निगम में अधिकारी और कर्मचारियों की कमी, ऐसे में कैसे हो समय पर काम | municipal Corporation news | Patrika News

नगर निगम में अधिकारी और कर्मचारियों की कमी, ऐसे में कैसे हो समय पर काम

locationबीकानेरPublished: Sep 15, 2017 02:18:29 pm

नगर निगम में कार्यालय से लेकर लेखा, तकनीकी व सफाई, निर्माण तथा राजस्व जैसी महत्वपूर्ण शाखाओं में कर्मचारियों की कमी है।

municipal Corporation
नगर निगम भले ही शहर की सफाई और आमजन के कार्यों को लेकर कुछ भी दावे करे, लेकिन निगम में करीब 40 फीसदी कर्मचारियों के पद रिक्त होने से लगभग सभी काम प्रभावित हो रहे हैं। इन रिक्त पदों में अधिकारी वर्ग से लेकर तकनीकी व सफाई कर्मचारी तक के पद शामिल हैं।
नगर निगम की हर शाखा व अनुभाग में कर्मचारियों की कमी है। कार्यालय से लेकर लेखा, तकनीकी व सफाई, निर्माण तथा राजस्व जैसी महत्वपूर्ण शाखाओं में रिक्त पदों के कारण कार्य समय पर नहीं हो पा रहे हैं। आमजन से जुड़े काम भी प्रभावित हो रहे हैं।
कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने से भी रिक्त पद लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन निगम में भर्ती नहीं हो रही है। अकाउन्ट्स शाखा में भी अधिकारी स्तर के पद रिक्त हैं। जानकारी के अनुसार नगर निगम में सभी संवर्गों के 2138 पद स्वीकृत हैं। इनमें से 849 पद रिक्त हैं, जबकि 1289 अधिकारी-कर्मचारी कार्यरत हैं।
ये पद रिक्त
नगर निगम में कई संवर्गों के तो स्वीकृत सभी पद रिक्त चल रहे हैं। जानकारी के अनुसार पुलिस उपाधीक्षक, पुलिस सीआई, कांस्टेबल, सीएओ, सीनियर एकाउन्ट ऑफिसर, मुख्य लेखाधिकारी, वरिष्ठ लेखाधिकारी, सहायक लेखाधिकारी, लेखाकार, अधिशासी अभियंता (विद्युत), अधिाशासी अभियंता (यांत्रिकी), कनिष्ठ अभियंता (यांत्रिकी), विधि अधिकारी, पैरोकार प्रथम, स्वास्थ्य अधिकारी चयनित वेतन, स्वास्थ्य अधिकारी सामान्य, परियोजना अधिकारी, सचिव,
पशुपालन अधिकारी, राजस्व अधिकारी प्रथम, सहायक नगर नियोजक, एसेसर, अग्निशमन अधिकारी, उद्यान अधीक्षक, सहायक जनसम्पर्क अधिकारी, स्टेनोग्राफर, कार्यालय अधीक्षक, सहायक कार्यालय अधीक्षक, प्रोग्रामर, डाटा एंट्री ऑपरेटर, कम्प्यूटर ऑपरेटर, ऑटो केड ऑपरेटर, सांख्यिकी सहायक, विद्युत निरीक्षक, सहायक विद्युत निरीक्षक, मैकेनिक, फिटर-खाती, वायरमैन के स्वीकृत सभी पद रिक्त हैं।
अतिरिक्त काम का बोझ
कर्मचारियों की कमी से वर्तमान में कार्यरत कर्मचारी-अधिकारी अतिरिक्त कार्य के बोझ तले दबे हैं। बताया जा रहा है कि निगम प्रशासन ने राज्य सरकार को रिक्त पदों की सूचना भेजी थी, लेकिन इन्हें भरने में सरकार की मंशा नजर नहीं आ रही है।
चल रहा प्रयास
यह सही है नगर निगम में पद रिक्त हैं। कार्यरत कर्मचारियों-अधिकारियों के माध्यम से कार्य को सुचारू
बनाए हुए हैं। रिक्त पदों की सूचना सरकार तथा स्वायत शासन विभाग को भेजी जा रही है। अधिकतर अधिकारियों-कर्मचारियों की भर्ती सरकार स्तर पर होती है। सफाई कर्मचारियों के रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती के लिए प्रयास
किए जा रहे हैं।
निकया गोहाएन, आयुक्त, नगर निगम बीकानेर
कहां कितने पद रिक्त
पदनाम स्वीकृत पद रिक्त
राजस्व निरीक्षक 15 12
सहायक राजस्व निरीक्षक 4 2
कनिष्ठ अभियंता (सिविल) 14 6
वाहन चालक 66 48
सहायक पर्चा वितरक 3 2
फायरमैन 42 19
जमादार 52 48
सफाई कर्मचारी 1661 575
माली-बागवान 18 13
सहायक कर्मचारी 97 41
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो