scriptदिन में कोहरा, रात को बारिश : साढ़े चार डिग्री गिरा पारा | rain in bikaner | Patrika News

दिन में कोहरा, रात को बारिश : साढ़े चार डिग्री गिरा पारा

locationबीकानेरPublished: Nov 15, 2017 08:13:42 am

बीकानेर में सर्दी की यह पहली बारिश थी। तेज बारिश के बाद नाले-नालियां भर गए और पानी सड़कों पर फैल गया।

rain in bikaner
उत्तरी हवाओं के चलते मंगलवार को मौसम अचानक पलट गया। सर्द हवा चलने से तापमान में करीब साढ़े चार डिग्री गिरावट दर्ज की गई। शहर दिनभर कोहरे की चादर में लिपटा रहा। वहीं रात करीब सवा 12 बजे तेज बारिश शुरू हुई।
करीब 15 मिनट हुई तेज बौछारों से सड़कें तरबतर हो गई। बीकानेर में सर्दी की यह पहली बारिश थी। तेज बारिश के बाद नाले-नालियां भर गए और पानी सड़कों पर फैल गया। शहर में अधिकांश स्थानों पर तेज तो कुछ स्थानों पर हल्की बरसात हुई।
देर रात्रि को काफी देर तक बादल गरजते रहे और बिजली चमकती रही। इससे पूर्व शहरवासियों को दिन में भी सर्दी का अहसास हुआ। शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में सर्द हवा और बूंदाबांदी ने लोगों को ठिठुरा दिया। कोहरे के कारण टे्रन व हवाई सेवाएं भी प्रभावित हुईं।
पूरे दिन रही बादलों की आवाजाही

शहर में अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री व न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस रहा।शहर में अलसुबह से ही कोहरे का असर रहा, जिससे सूर्यदेव के दर्शन सुबह 10 बजे बाद हुए। पूरे दिन बादलों की आवाजाही रही, जिससे सर्दी और बढ़ गई। अलसुबह लोगों ने सर्दी से बचने के लिए अलाव का सहारा लिया।
हालांकि नवंबर के शुरुआती दिनों तक सूरज की तपिश ने लोगों को बेहाल कर रखा था, लेकिन लम्बे समय बाद अचानक बढ़ी सर्दी ने लोगों को गर्म कपड़े निकालने पर मजबूर कर दिया। अभी तक सुबह-शाम ही सर्दी थी, लेकिन अब दिन में भी सर्द हवा ने ठंडक का अहसास करा दिया। कुछ लोगों ने गर्म कपड़े पहनना भी शुरू कर दिया।
किसानों के चेहरे खिले
कोहरे के असर के चलते किसानों के चेहरे खिल उठे। बीते दिनों मौसम शुष्क रहने और तापमान में हो रही बढ़ोतरी से किसानों को फसल जलने की चिंता सता रही थी। अब कोहरा छाने के साथ ही हवा में बढ़ रही नमी फसलों के लिए वरदान साबित होगी।

ट्रेंडिंग वीडियो