'हमराह के साथ होगी ताजगी की सुबह, स्वस्थ रहने के लिए करेंगे प्रेरित
भ्रमण पथ पर रविवार सुबह होगा आयोजन, बीकाणा की कई संस्थाएं करेंगी भागीदारी

रविवार की सुबह एक बार फिर ताजगी से भरी शुरुआत करेंगे शहरवासी 'हमराह' के साथ। अपने हुनर को दिखाने के साथ-साथ हैल्थी बीकानेर की परिकल्पना को भी साकार रूप मिलेगा। सभी को स्वस्थ रहने के लिए मॉर्निग वॉक के साथ गतिविधियों में शामिल करने के संदेश के साथ हमराह में कई कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसमें भागीदारी करने वाले शहरवासी मनोरंजन के साथ स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हुए दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।
स्वस्थ रहने का देंगे संदेश
शहरवासियों ने रविवार की सुबह को यादगार बनाने के लिए खेलेंगे-कूदेंगे और स्वस्थ बनने की ओर प्रयास करेंगे। म्युजियम ग्राउण्ड में पारम्परिक खेलों के साथ-साथ फिट रहने के लिए म्युजिक पर भी अपने आपको ढालने की कोशिश करेंगे। म्युजियम मैदान में आने वाले सभी लोग अपनी पसंद और शारीरिक क्षमताओं के अनुसार विभिन्न खेलों और गतिविधियों में भागीदारी निभाकर 'हमराह' के माध्यम से पूरे शहर को स्वस्थ रहने का संदेश देंगे।
योग साधना से रहेंगे स्वस्थ
युवा एथलेटिक्स, बैडमिंटन जैसे खेलों के साथ आत्मरक्षा में सहायक कराटे व गति में रुचि रखने वाले खिलाड़ी स्केटिंग में फुर्ती का परिचय देंगे। महिलाएं, युवतियां, बुजुर्ग और बच्चे योग और साधना के बल पर स्वस्थ रहने के उपायों से रूबरू होंगे। साथ ही एरोबिक्स के स्टेप्स भी देखने को मिलेंगे। मैदान के हर कोने पर कुछ न कुछ गतिविधियां आयोजित होंगी।
गतिविधियों में भाग लेने के लिए सामग्री प्रतिभागी को साथ लानी होगी। प्रवेश नि:शुल्क होगा। हमराह बनने के लिए स्कूल, कॉलेज, इंस्टीट्यूट, सामाजिक संस्थाएं, हैल्थ क्लब ग्रुप आदि आमंत्रित हैं। अधिक जानकारी के लिए 9351205523 पर संपर्क कर सकते हैं।
इन संस्थाओं का रहेगा सहयोग
'हमराह' के लिए शहर की अग्रणी संस्थाएं भ्रमण पथ फ्रैंडस् क्लब, स्वच्छता प्रहरी संस्थान, लॉयंस क्लब, फिगार्टे फिटनेस, पतंजलि योग संस्थान, एम.एस. कॉलेज, कूडो एसोसिएशन, रंगाज फिजिकल, करणीसिंह प्रतिभा खोज संस्थान और भीखणचंद फाउंडेशन सहयोगी के रूप में भागीदारी करेंगी।
अब पाइए अपने शहर ( Bikaner News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज