पद भरें तो हालात सुधरें : नगर विकास न्यास में पड़े है तीस फीसदी स्वीकृत पद खाली
नगर विकास न्यास में नहीं हो रहे काम, आमजन हो रहे परेशान, तकनीकी और मंत्रालयिक कार्य प्रभावित

विकास कार्यों के नाम पर भले ही नगर विकास न्यास वाहवाही हासिल कर रहा हो, लेकिन न्यास में खाली पदों के कारण आमजन के कार्य अटक रहे है। न्यास में स्वीकृत पदों में से करीब 30 फीसदी पद खाली हैं और आमजन कार्य के लिए परेशान है। वहीं कार्यरत कार्मिक अतिरिक्त कार्य के बोझ तले दबे हुए है। न्यास में विभिन्न संवर्ग के कर्मचारियों की कमी का असर न्यास की ओर से करवाए जा रहे विकास कार्यों पर भी पड़ रहा है।
अतिरिक्त चार्ज पर बैठे अधिकारी व महत्वपूर्ण पदों पर बैठे संविदा कार्मिक न्यास की स्थिति को बयां कर रहे हैं। न्यास प्रशासन खाली पदों की खामी को छिुपाने के लिए आमजन के सामान्य कार्यों को भी लम्बे समय से अटकाए हुए है। प्रतिदिन आमजन एनओसी, पट्टे, भू परिवर्तन सहित कई अन्य कार्यों के लिए न्यास में चक्कर काट रहे हैं।
अतिरिक्त चार्ज के भरोसे काम
न्यास में कई महत्वपूर्ण कार्य अतिरिक्त चार्ज के भरोसे चल रहे हैं। लेखा और अधिशासी अभियंता के कार्य अधिकारी अतिरिक्त चार्ज के रूप में कर रहे हैं, जबकि प्रवर्तन निरीक्षक के पद के विरुद्ध निरीक्षक प्रतिनियुक्त है।
पूरा ध्यान नहीं
न्यास प्रशासन कार्मिकों की कमी के चलते आमजन की शिकायतों और पीड़ा पर पूरा ध्यान नहीं दे पा रहा है। खाली पदों के कारण न्यास के कार्य भी प्रभावित हो रहे है।
संविदा पर तहसीलदार
नगर विकास न्यास में महत्वपूर्ण कार्य भी संविदा पर नियुक्त कार्मिकों के भरोसे चल रहे हैं। जानकारी के अनुसार न्यास तहसीलदार के पद पर भी संविदा कार्मिक नियुक्त हैं, वहीं भूमि अवाप्ति अधिकारी तथा कनिष्ठ प्रारूपकार पद भी संविदा कार्मिक संभाल रहे है।
वर्कचार्ज कैडर में पद
न्यास में स्वीकृत पदों के साथ वर्कचार्ज कैडर में भी कार्मिक कार्यरत हैं। जानकारी के अनुसार मुंशी, बागवान, मेट, वाहन चालक, जेसीबी ऑपरेटर, हेल्पर, वर्क मिस्त्री, सुपरवाइजर, सर्वेयर, इलेक्ट्रिशियन, वायरमैन, बेलदार-चौकीदार पदों पर वर्कचार्ज कार्मिक कार्य कर रहे हैं।
भर्ती के प्रयास
यह सही है कि नगर विकास न्यास में कुछ पद खाली पड़े हैं। इन पदों को भरने के लिए प्रयास चल रहे हैं। कार्यरत कार्मिकों के माध्यम से न्यास कार्यों को सुचारू बनाए हुए हैं।
आरके जायसवाल, सचिव, नगर विकास न्यास बीकानेर
हो रहा दिखावा
नगर विकास न्यास आमजन के कार्यों से मुंह मोड़ बैठा है। लोग परेशान हो रहे हैं। केवल लोकार्पण कार्यों से दिखावा हो रहा है। कार्मिकों की कमी के चलते आमजन के छोटे-छोटे कार्य भी नहीं हो रहे हैं। तत्काल शीघ्र रिक्त पदों को भरा जाए।
यशपाल गहलोत, अध्यक्ष, शहर कांग्रेस कमेटी बीकानेर
रिक्त पदों की स्थिति
पद स्वीकृत रिक्त
सहायक अभियंता सिविल 05 04
कनिष्ठ अभियंता सिविल 12 02
कनिष्ठ लेखाकार 03 01
वरिष्ठ लिपिक 04 01
सहायक सचिव 01 01
उप निरीक्षक पुलिस 01 01
सहायक अभियंता विद्युत 01 01
कनिष्ठ अभियंता विद्युत 03 03
भवन निरीक्षक 01 01
प्रशासनिक अधिकारी 01 01
मिस्त्री ग्रेड प्रथम सिविल 01 01
मिस्त्री ग्रेड द्वितीय सिविल 03 03
अब पाइए अपने शहर ( Bikaner News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज