वार्ड पुनर्गठन: बीकानेर के पूर्व क्षेत्र में पश्चिम से दो वार्ड होंगे अधिक
Nagar nigam Bikaner : पूर्व में 41 और पश्चिम में होंगे 39 वार्ड; वार्ड सीमांकन कार्य में जुटा नगर निगम प्रशासन

बीकानेर. स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर निगम प्रशासन वार्डो के पुनर्गठन में जुटा हुआ है। इस बार वार्डो की संख्या 60 से बढ़कर 80 होने के कारण वार्डो के पुनर्सीमांकन का कार्य निगम आयुक्त के नेतृत्व में चल रहा है। रविवार को छुट्टी का दिन होने के बावजूद निगम अधिकारी और कर्मचारी वार्डो के पुनर्गठन के काम में जुटे रहे।
वार्डो के पुनर्गठन को लेकर जिस प्रकार प्रारम्भिक स्थितियां सामने आ रही है, उसके अनुसार बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में 39 और बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में 41 वार्डो का गठन हो सकता है। निगम आयुक्त प्रदीप के गवांडे ने बताया कि बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र की जनसंख्या बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से करीब दस हजार से अधिक है। एेसे में बीकानेर पूर्व विधानसभा में दो वार्ड अधिक रह सकते है। उन्होंने बताया कि वार्डो के पुनर्गठन का काम जल्द पूरा कर फील्ड सर्वे का काम शुरू किया जाएगा।
पिछली बार थे 30- 30 वार्ड
वर्ष 2009 में हुए वार्डो के पुनर्सीमांकन के दौरान बीकानेर पूर्व और बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों में 30-30 वार्ड गठित हुए थे। उस दौरान वर्ष 2001 की जनगणना के तहत शहर की जनसंख्या 5 लाख 29 हजार से अधिक थी। उसके अनुसार 60 वार्डो का गठन किया गया था। इस बार वर्ष 2011 की जनसंख्या के आधार पर वार्डो का पुनर्गठन हो रहा है। इसमें शहर की जनसंख्या 6 लाख 44 हजार 406 के अनुसार 80 वार्डो का गठन होना है। इसके अनुसार करीब 7815 की जनसंख्या एक वार्ड में आना संभावित है।
बीकानेर पूर्व की जनसंख्या अधिक
वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र की जनसंख्या 3लाख 36 हजार से अधिक है। वहीं बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र की जनसंख्या 3 लाख 7 हजार से अधिक है। इसके अनुसार करीब साढे अठाईस हजार जनसंख्या पूर्व विधानसभा क्षेत्र में अधिक है। निगम आयुक्त के अनुसार इसमें करीब उन्नीस हजार जनसंख्या आर्मी और स्पेशल एरिया की है। इसको कम
करने के बाद भी बीकानेर पूर्व की जनसंख्या बीकानेर पश्चिम से करीब दस हजार से अधिक रहती है। एेसे में जनसंख्या के आधार पर बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में कम से कम दो वार्ड अधिक रहना संभावित है।
चल रहा सीमांकन
वार्डो के पुनर्सीमांकन को लेकर कार्य द्रुत गति से चल रहा है। प्रारम्भिक स्तर पर सभी 80 वार्डो का प्लान तैयार हो गया है। इसके अनुसार बीकानेर पूर्व में 41 और बीकानेर पश्चिम में 39 वार्ड रहने की संभावना है। टेबल कार्य पूर्णता की ओर है। पुनर्गठन कार्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
प्रदीप के गवांडे, आयुक्त नगर निगम बीकानेर
अब पाइए अपने शहर ( Bikaner News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज