scriptहथियार तस्करी का गढ़ बना बीकानेर, एटीएस व पुलिस कार्रवाई भी नाकाफी साबित | Weapon smuggling in bikaner | Patrika News

हथियार तस्करी का गढ़ बना बीकानेर, एटीएस व पुलिस कार्रवाई भी नाकाफी साबित

locationबीकानेरPublished: Sep 06, 2017 11:48:00 am

बीकानेर शहर के तीन थानों की पुलिस सात आरोपितों को पकड़ चुकी है, जिनसे आठ अवैध पिस्तौल जब्त की गई।

Weapon smuggling in bikaner
भारी मात्रा में अवैध हथियारों की सप्लाई से लगता है कि बीकानेर जिला अब अंतरराज्यीय तस्करों का गढ़ बन गया है। एटीएस और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के बाद भी यहां हथियारों की तस्करी थमने का नाम नहीं ले रही है। पखवाड़े भर में बीकानेर शहर के तीन थानों की पुलिस सात आरोपितों को पकड़ चुकी है, जिनसे आठ अवैध पिस्तौल जब्त की गई। पुलिस इस साल अगस्त तक अवैध हथियारों के 74 प्रकरण दर्ज कर 84 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है और 91 हथियार भी जब्त किए गए। पुलिस अवैध हथियार पकड़ती है तो उनकी एक विशेषता भी है कि हथियार देश में ही बने हैं, तो लेकिन उनकी क्वालिटी इम्पोर्टेड जैसी दिखती है। पुलिस महकमे के हर साल के आंकड़ों पर नजर डाले तो अवैध हथियारों के प्रकरण बढ़ते ही गए।
यूपी, बिहार व असम से सप्लाई
जिले में बढ़ती बेरोजगारी व जल्द अमीर बनने के लालच से ऐसे प्रकरण बढ़ रहे हैं। 50 हजार में पिस्तौल खरीदने और फिर इससे लाखों रुपए कमाने के इरादे ही अपराध को बढ़ावा देते हैं। पुलिस सूत्रों की मानें तो बीकानेर जिले में उत्तर प्रदेश, बिहार व असम से हथियार सप्लाई हो रहे हैं। यह सिद्ध भी हो चुका हैं। हाल ही लालगढ़ रेलवे स्टेशन पर पकड़े गए दो युवकों ने यूपी व असम से हथियार लना स्वीकार किया था।
भजन ने सप्लाई किए हथियार
बीकानेर की सदर, जेएनवीसी और नाल पुलिस ने जिन लोगों को अवैध हथियारों के साथ पकड़ा, उन्होंने भजनलाल से हथियार खरीदना बताया है। पुलिस ने भी अवैध हथियार खरीदने वालों की सूची बनाई है, जिसकी तस्दीक की जा रही है। पुलिस जांच में यह भी पता
चला है कि आरोपित भजनलाल ने बीकानेर के साथ राववाला, हरियाणा व राजियासर में भी कई लोगों को हथियार सप्लाई किए हैं। पुलिस इन तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
श्रीगंगानगर जिले का है भजनलाल
श्रीगंगानगर जिले के सात एलसी में रहने वाले भजनलाल के खिलाफ वर्ष 2014 में रावला थाने में लूट का मामला दर्ज हुआ। उसने वर्ष 2015 में खाजूवाला में साथियों की मदद से एक व्यक्ति को लूटा। नापासर में एक होटल में फायरिंग कर गुल्लक ले गए। सैरुणा थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप से डीजल भरवाया और पैसे दिए बिना भाग गया। वर्ष 2015 में यह पकड़ा गया और बाद में जेल से छूट गया। इसके बाद यह हथियार तस्करी में लिप्त हो गया। हाल ही एसओजी ने इसे जयपुर में पांच अवैध हथियारों के साथ पकड़ा था।
हर साल बढ़ते गए मामले
वर्ष दर्ज मामले तस्कर पकड़े जब्त हथियार
2015 46 56 54
2016 59 68 59
2017 74 84 91
(पुलिस के अनुसार हर साल अगस्त तक के आंकड़े)

पुलिस के लिए चुनौती
अवैध हथियारों के कारोबार पर अंकुश लगाना पुलिस के लिए चुनौती बनता जा रहा है। पुलिस की धरपकड़ के बावजूद हर साल हथियार तस्करी के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। पुलिस ने समय रहते इस पर काबू नहीं पाया तो शांत व भाईचारे वाले बीकानेर शहर में आगामी सालों में अपराध बढ़ सकते हैं।
नहीं पनपने देंगे धंधा
भजन ने 30-35 लोगों को अवैध हथियार सप्लाई किए हैं। पांच-सात पकड़े जा चुके हैं। शेष को भी पुलिस पकडऩे का प्रयास कर रही है। जिले में अवैध हथियारों का धंधा पनपने नहीं दिया जाएगा।
सवाईसिंह गोदारा, पुलिस अधीक्षक, बीकानेर
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो