scriptस्मार्ट सिटी के नाम पर मनमाना काम, क्षेत्र से बाहर की सड़कों पर खर्च कर दिए करोड़ों रुपए | Arbitrary work in the name of smart city in bilaspur | Patrika News

स्मार्ट सिटी के नाम पर मनमाना काम, क्षेत्र से बाहर की सड़कों पर खर्च कर दिए करोड़ों रुपए

locationबिलासपुरPublished: Nov 27, 2020 10:47:47 pm

Submitted by:

Karunakant Chaubey

स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत केन्द्र सरकार ने 1000 हजार करोड़ रुपए में 50 फीसदी अपनी और 50 फीसदी राशि राज्य सरकार के अंश के अनुसार विकास कार्य करने के निर्देश दिए थे। वर्तमान में बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड को 150 करोड़ रुपए विकास कार्यों के लिए मिले हैं।

बिलासपुर. 3 साल पहले शहर को स्मार्ट सिटी की सूची में शामिल किए जाने के बाद नगर निगम को पहली किस्त 150 करोड़ मिल गए। स्मार्ट सिटी क्षेत्र में इस राशि से विकास कार्य होने थे, लेकिन निगम अधिकारियों ने मनमाना काम किया और स्मार्ट सिटी से बाहर नेहरू चौक से मंगला चौक की सड़क और मिट्टी तेल गली में करोड़ों रुपए खर्च कर दिए। वहीं स्मार्ट सिटी क्षेत्र में एकमात्र व्यापार विहार की सड़क पर चल रहा काम पिछले डेढ़ साल में भी पूरा नहीं हो पाया है।

स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत केन्द्र सरकार ने 1000 हजार करोड़ रुपए में 50 फीसदी अपनी और 50 फीसदी राशि राज्य सरकार के अंश के अनुसार विकास कार्य करने के निर्देश दिए थे। वर्तमान में बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड को 150 करोड़ रुपए विकास कार्यों के लिए मिले हैं।

इस राशि का उपयोग स्मार्ट सिटी के क्षेत्र के विकास में होना है। निगम अधिकारियों ने स्मार्ट सिटी क्षेत्र में एकमात्र व्यापार विहार में २६ करोड़ की लागत से सीसी रोड का टेंडर जारी किया था। साथ ही 200 मीटर नाली निर्माण भी इसी कार्य में शामिल है। पिछले डेढ़ साल में यह काम पूरा नहीं हो पाया है।

ये है स्मार्ट सिटी का क्षेत्र

शहर के नक्शे में निगम अधिकारियों ने नेहरू चौक राजेन्द्र नगर चौक, राजीव गांधी चौक, महाराणा प्रताप चौक, व्यापार विहार चौक, तारबाहर चौक, शिवटॉकीज चौक, गांधी चौक, हटरी चौक,कोतवाली चौक, करोना चौक, सिम्स चौक, देवकीनंदन चौक और वहां से वापस नेहरू चौक तक शहर के बीच के क्षेत्र को स्मार्ट सिटी की सीमा तय की है।

मिट्टी तेल गली में खर्च कर दिए साढ़े 6 करोड़

निगम अधिकारियों ने स्मार्ट सिटी क्षेत्र से बाहर मिट्टी तेल गली में डेढ़ साल पूर्व साढ़े ६ करोड़ की लागत से सड़क निर्माण शुरू किया था, जिसमें सड़क निर्माण, पाथवे, लाइटिंग, डे्रनेज सिस्टम, अंडरग्राउंड केबल वर्क, ई रिक्शा रिचार्ज सेंटर, प्लांटेशन और वाई फाई समेत कई काम शामिल किए गए थे, जबकि सड़क स्मार्ट सिटी क्षेत्र से करीब 500 मीटर दूर है।

नेहरू चौक से मंगला चौक की सड़क पर खर्च होंगे 8 करोड़

निगम अधिकारियों ने मिट्टी तेल गली के बाद स्मार्ट सिटी क्षेत्र से बाहर नेहरू चौक से मंगला चौक की सड़क पर ८ करोड़ की लागत से पाथवे, लाइटिंग, और सौंदर्यीकरण समेत कई कामों के लिए टेंडर जारी किया। वर्मतान में ठेकेदार को वर्क आर्डर भी जारी कर दिया गया है। पूर्व में सड़क किनारे किए गए सौंदर्यीकरण को अधिकारियों ने तोडफ़ोड़ करने के बाद फिर से सौंदर्यीकरण के निर्देश जारी किए हैं।

सीधी बात

सुधीर गुप्ता,अधीक्षण अभियंता

1. सवाल- स्मार्ट सिटी के क्षेत्र से बाहर किन नियमों के तहत मिट्टी तेल गली और नेहरू चौक से मंगला चौक की सड़क पर सौंदर्यीकरण के नाम पर करोड़ों रुपए खर्च किए गए हैं ।

जवाब,- स्मार्ट सिटी क्षेत्र से लगे क्षेत्र में विकास कार्य कराए जा सकते हैं, इस लिय मिट्टी तेल गली और नेहरू चौक से मंगला चौक की सड़क पर सौंदर्यीकरण व अन्य कार्य हो रहे हैं।
2. आने वाले समय में इन स्थानों को स्मार्ट सिटी क्षेत्र में शामिल किया जाएगा।

जवाब- स्मार्ट सिटी के क्षेत्र में नए स्थान शामिल करने की जानकारी नहीं है, लेकिन नियमानुसार राशि खर्च कर विकास कार्य किए जा रहे हैं।
3. स्मार्ट सिटी क्षेत्र में प्रस्तावित विकास कार्य कब शुरू होंगे।

जवाब- स्मार्ट सिटी क्षेत्र के भीतर बृहस्पति बाजार और पुराना बस स्टैण्ड में कर्मिर्शयल कॉम्प्लेक्स बनाने की योजना है। यहां करोड़ों की लागत से निर्माण होंगे। ये काम जल्द शुरू हो जाएंगे।

पीके पंचायती,प्रबंधक , स्मार्ट सिटी

1.सवाल- स्मार्ट सिटी के क्षेत्र से बाहर किन नियमों के तहत मिट्टी तेल गली और नेहरू चौक से मंगला चौक की सड़क पर सौंदर्यीकरण के नाम पर करोड़ों रुपए खर्च किए गए हैं ।
जवाब- स्मार्ट सिटी से लगे होने और लिंक रोड होने के कारण मिट्टी तेल गली और नेहरू चौक से महाराणा प्रताप चौक की सड़क पर काम शुरू कराया गया है।

2. आने वाले समय में इन स्थानों को स्मार्ट सिटी क्षेत्र में शामिल किया जाएगा।
जवाब- स्मार्ट सिटी क्षेत्र को बढऩे के लिए बढ़ाया जा सकता है, लेकिन विकास कार्यों के लिए राशि भी होनी जरूरी है। 4000 करोड़ विकास कार्यों में खर्च होने हैं, इनमें से 1000 करोड़ में 50-50 फीसदी अंशदान केन्द्र व राज्य सरकार है। शेष 3000 करोड़ की व्यवस्था स्मार्ट सिटी को करनी है।

3. स्मार्ट सिटी क्षेत्र में प्रस्तावित विकास कार्य कब शुरू होंगे।
जवाब- स्मार्ट सिटी क्षेत्र में व्यापार विहार की सड़क और क्षेत्र के ३ तालाबों में विकास कार्य होंगे। ये काम जल्द शुरू होंगे। इसके साथ ही कमर्शियल काम्प्लेक्सों के निर्माण के लिए राशि मिलने के बाद जल्द टेंडर किया जाएगा।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो