script

बिलासपुर की टीम बनी चैम्पियन पुरस्कार मिलते ही खिल उठे चेहरे

locationबिलासपुरPublished: Sep 04, 2018 05:23:54 pm

Submitted by:

Amil Shrivas

राज्य स्तरीय शालेय स्पर्धा: खिलाडिय़ों ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम

bilaspur sports

बिलासपुर की टीम बनी चैम्पियन पुरस्कार मिलते ही खिल उठे चेहरे

बिलासपुर. 18वीं राज्य स्तरीय शालेय प्रतियोगिता का सोमवार को पुलिस ग्राउंड में समापन किया गया। इसमें स्कूली छात्राओं ने शौर्य गीत पर नृत्य कर रंगारंग प्रस्तुति दी। प्रतियोगिता में जनरल चैम्पियन का पुरस्कार बिलासपुर को दिया गया। बिलासपुर के खिलाडिय़ों ने अधिकांश खेल में अपनी प्रतिभा दिखाते हुए पहला स्थान प्राप्त किया।
31 अगस्त से आयोजित 18वीं राज्य स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता के समापन अवसर पर 12 जोन के खिलाडिय़ों को पुरस्कार वितरण करने नगरीय निकाय मंत्री अमर अग्रवाल, सांसद लखन लाल साहू, छ.ग महिला आयोग अध्यक्ष हर्षिता पाण्डेय, महापौर किशोर राय के साथ ही शिक्षा और खेल विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरूआत रंगारंग कार्यक्रम के साथ हुई।
पं देवकी नंदन दीक्षित कन्या उ.मा. विद्यालय की छात्राओं ने शौर्य गीत पर शानदार प्रस्तुति दी। इसके बाद सभी जोन के खिलाडिय़ों ने मार्चपास्ट कर अपने जोन का प्रतिनिधित्व किया। मार्च पास्ट में जशपुर जोन को पुरस्कार दिया गया। मंत्री अमर अग्रवाल ने कहा, खेल में केवल हार-जीत होती है, वह भी खेल के मैदान तक। खेल हमें प्रतिस्पर्धा के लिए को तैयार रहने की सीख देता है।
जनरल चैम्पियन बना बिलासपुर
18वीं राज्य स्तरीय शालेय प्रतियोगिता में बिलासपुर को जनरल चैम्पियन का पुरस्कार दिया गया। नेटबॉल अंडर -14 बालक वर्ग में बिलासपुर जोन पहले स्थान पर रहा। दूसरा स्थान रायपुर और तृतीय स्थान पर राजनांदगांव जोन के खिलाड़ी रहे। नेटबॉल अंडर -14 बालिका वर्ग में रायपुर पहले, बिलासपुर द्वितीय और राजनांदगांव जोन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। हैंडबॉल में अंडर -14 बालक वर्ग में रायपुर पहला, बस्तर दूसरा और बिलासपुर को तीसरा स्थान मिला। बालिका वर्ग अंडर -14 में पहला स्थान सरगुजा जोन, दूसरा कबीरधाम और तृतीय रायपुर जोन रहा। कबड्डी में बिलासपुर जोन अंडर -17 प्रथम स्थान, दूसरे स्थान पर रायपुर और तीसरे स्थान पर कोरिया जोन रहा। बालिका वर्ग अंडर -17 में दुर्ग जोन पहला, बिलासपुर दूसरा और जांजगीर चांपा को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। बेसबॉल अंडर-19 में बिलासपुर विजेता, उप विजेता कबीरधाम, और तृतीय स्थान पर बस्तर की टीम रही। बालिका वर्ग अंडर -19 में बिलासपुर विजेता, उप विजेता राजनांदगांव और बस्तर तीसरे स्थान पर रहा।
इंडियन तीरंदाजी में बिलासपुर बालिका वर्ग ने किया कमाल
इंडियन तीरंदाजी अंडर-14 बालिका वर्ग ने कमाल कर दिया। टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर बस्तर और तीसरे स्थान पर कोण्डागांव जोन रहा। बालक वर्ग अंडर -14 में पहला स्थान रायपुर, दूसरा बिलासपुर., और तीसरे स्थान पर बस्तर जोन रहा। बिलासपुर बालिका वर्ग अंडर 17 टीम इंडियन तीरंदाजी में विजेता रही। उपविजेता बस्तर रहा, जबकि तीसरे स्थान पर कांकेर जोन ने कब्जा किया। बालक वर्ग अंडर -17 में पहला स्थान रायपुर, दूसरा स्थान बिलासपुर और बस्तर जोन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंडर -19 बालक वर्ग में बिलासपुर विजेता, उपविजेता रायपुर और तृतीय स्थान पर कबीरधाम की टीम रही। बालिका वर्ग अंडर -19 में बिलासपुर विजेता, उपविजेता रायपुर और तृतीय स्थान पर बस्तर जोन ने कब्जा किया।

ट्रेंडिंग वीडियो