scriptचुनाव के नतीजों के बाद भाजपा में बड़ी उठापटक, बदले जाएंगे जिला अध्यक्ष | BJP will Big change after election results | Patrika News
बिलासपुर

चुनाव के नतीजों के बाद भाजपा में बड़ी उठापटक, बदले जाएंगे जिला अध्यक्ष

कार्यकारिणी सदस्य से लेकर अध्यक्ष तक के, चेहरे बदले जाएंगे, कई नामों पर हो रहा मंथन

बिलासपुरMay 15, 2019 / 11:28 am

Murari Soni

BJP will Big change after election results

चुनाव के नतीजों के बाद भाजपा में बड़ी उठापटक, बदले जाएंगे जिला अध्यक्ष

बिलासपुर. लोकसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद भाजपा संगठन में बड़े फेरबदल की रणनीति तय की जा रही है। तय रणनीति के तहत जिलाध्यक्ष, नगर निगम के मेयर से लेकर नगर पंचायत तक सभी जगह नए और चर्चित चेहरों को मौका दिया जाएगा। परफार्मेंस और जातिगत समीकरण के अलावा महिला वर्ग से भी जिलाध्यक्ष पद के लिए लगभग दर्जन भर नाम चर्चा मे हैं।
विधानसभा चुनाव के परिणाम के बाद भाजपा ने राष्ट्रीय सहसंगठन मंत्री सौदान सिंह और संघ के नेताओं से मिले फीड बैक के आधार पर संगठन में नए चेहरों को मौका देने की रणनीति तय की है। गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव के ऐन पहले राष्ट्रीय सहसंगठन मंत्री सौदान सिंह के समक्ष पार्टी कार्यकर्ताओं ने मंत्रियों, विधायकों, मेयर और संगठन पदाधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर जमकर नाराजगी जाहिर की थी।
इसके बाद नागपुर में हुई राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की बैठक में भी संघ के वरिष्ठ नेताओं ने तत्कालीन मंत्रियों के कार्य व्यवहार को लेकर नाराजगी जाहिर कर इस आशय के संकेत दिए थे। पार्टी संगठन ने इसके बाद भी कोई ठोस पहल नहीं की जिसके परिणाम स्वरूप 2018 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सत्ता में 15 सालों से काबिज भाजपा 49 सीटों से 15 सीटों तक ही सिमट कर रह गई।
बताया जाता है कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने प्रदेश की कार्यकारिणी में बदलाव के संकेत दे दिए हैं। लोकसभा चुनाव के परिणाम का इंतजार है परिणाम आने के तत्काल बाद संगठन में बदलाव किया जाएगा।
ये हो सकते हैं दावेदार
जातिगत समीकरण और पार्टी से नाराजगी पर यदि गौर किया जाता है तो सिंधी समाज से अर्जुन तिर्थानी और अर्जुन भोजवानी को जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी जा सकती है। अर्जुन तिर्थानी जहां पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल के करीबी हैं तो अर्जुन भोजवानी को आयोग के अध्यक्ष रामप्रताप सिंह का करीबी माना जाता है। इसके अलावा नेताप्रतिपक्ष खेमे की चली तो जिला महामंत्री धनश्याम कौशिक को और यदि पूर्व मंत्री की चली तो महामंत्री रामदेव कुमावत को भी मौका मिल सकता है।
इसके अलावा पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल खेमे से महापौर किशोर राय, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेंद्र गुंबर और पूर्व मंत्री चंद्रशेखर साहू खेमे से कैलाश गुप्ता को भी मौका दिया जा सकता है। वहीं यदि महिलाओं को मौका दिया गया तो प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष पूजा विधानी, जिला उपाध्यक्ष स्नेहलता शर्मा और अरूणा दीक्षित भी दावेदार हो सकती हैं। ये तीनों महिलाएं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल खेमे से हैं। वर्तमान जिलाध्यक्ष के बेलतरा विधानसभा क्षेत्र से विधायक बनने के बाद से नए जिलाध्यक्ष के लिए कवायद शुरू हो गई है।
-संगठन का कार्यकाल पूर्ण हो चुका है। चुनाव परिणाम के बाद बदलाव तो होना है लेकिन कब तक होगा ये आम चुनाव के परिणाम आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
रजनीश सिंह, जिला भाजपाध्यक्ष बिलासपुर
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो