बिलासपुर

ससुराल में दामाद ने मचाया उत्पात ससुर व सास पर चाकू से किया जानलेवा हमला,घायल अस्पताल में भर्ती

तोरवा थानांतर्गत हेमूनगर जगन्नाथ चौक में रविवार रात हुई घटना

बिलासपुरApr 22, 2019 / 09:37 pm

Murari Soni

ससुराल में दामाद ने मचाया उत्पात ससुर व सास पर चाकू से किया जानलेवा हमला,घायल अस्पताल में भर्ती

बिलासपुर. घरेलू विवाद में दामाद ने ससुराल में घुसकर ससुर व सास पर चाकू व हथौड़े से जानलेवा हमला कर कर बुरी तरह से घायल कर दिया। घटना रविवार देर शाम हेमूनगर जगन्नाथ चौक में हुई। घायलों को रेलवे अस्पताल में भर्ती किया गया है।
तोरवा पुलिस के अनुसार तोरवा जगन्नाथ चौक निवासी लता उपाध्याय पिता परमेश्वर उपाध्याय की बड़ी बहन लक्ष्मी दुबे का विवाह 9 वर्ष पूर्व मध्यप्रदेश कटनी अंतर्गत ग्राम कचौरी निवासी अजय दुबे के साथ हुआ था। शादी के कुछ साल बाद अजय और लक्ष्मी बिलासपुर स्थित तेलीपारा में किराये के मकान में रहने लगे थे। करीब डेढ़ महीने पूर्व अजय ने लक्ष्मी को मारपीट कर घर से निकाल दिया था। लक्ष्मी मायके में रह रही है। रविवार शाम करीब 7 बजे लक्ष्मी, उसकी बहन लता, पिता परमेश्वर और मां प्रभावती घर पर थे।
तभी अजय दुबे चाकू और हथौड़ा लेकर घर में घुसा और ससुर, सास से विवाद करने लगा। विरोध करने पर उसने पहले प्रभावती के सिर पर चाकू से जानलेवा हमला किया। हमले के बाद प्रभावती बेहोश होकर गिर गई। बीच बचाव करने गए परमेश्वर पर अजय ने हथौड़े से हमला कर दिया। घर में शोर शराबा होने पर पड़ोस में रहने वाले व्यास चंद दीक्षित और एसएस वासु लता के घर की ओर दौड़े।
लोगों को आते देख अजय मौका पाकर फरार हो गया। घायल प्रभावती और परमेश्वर को उपचार के लिए रेलवे अस्पताल में भर्ती किया गया। लता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.