बिलासपुर

जन्मदिन मनाने के बाद महिला डॉक्टर ने की खुदकुशी, पुलिस को मिले सुसाइड नोट में लिखी ये बातें

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक महिला डॉक्टर (Lady Doctor Suicide) ने अपने जन्मदिन को ही जीवन का अंतिम दिन बना डाला। महिला डॉक्टर ने शुक्रवार की रात अपने घर में इंजेक्शन लगाकर आत्महत्या कर ली।

बिलासपुरJul 05, 2020 / 04:20 pm

Ashish Gupta

बिलासपुर. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर (Bilaspur) में एक महिला डॉक्टर (Lady Doctor Suicide) ने अपने जन्मदिन को ही जीवन का अंतिम दिन बना डाला। महिला डॉक्टर ने शुक्रवार की रात अपने घर में इंजेक्शन लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें उन्होंने खुदखुशी के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
दरअसल, यह घटना सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की है, जहां डॉ. अलका राहलकर (60) इंदु उद्यान चौक स्थित घर में अपने पति डॉ. चंद्रशेखर राहलकर के साथ रहती थीं। जानकारी के मुताबिक महिला डॉक्टर जानी-मानी चिकित्सक थीं। उनके पति डॉ. चंद्रशेखर राहलकर भी कैंसर के डॉक्टर हैं। उनका एक बेटा भी है, जो सिंगापुर में डॉक्टर है।
पुलिस के मुताबिक डॉ. चंद्रशेखर ह्रदय रोग के मरीज हैं। रायपुर के निजी अस्पताल से उनका उपचार चल रहा है। डॉ. अलका अक्सर अपने पति के इलाज के लिए रायपुर आती जाती थीं। इसी सिलसिले में डॉ. अलका अपने पति का उपचार कराने के बाद गुरुवार को रायपुर से घर लौटे थे। दूसरे दिन डॉ. अलका का जन्मदिन था।
शुक्रवार को डॉक्टर अलका ने अपने पति और परिवार के साथ अपना बर्थडे सेलिब्रेट किया। फिर उन्होंने सिंगापुर में रह रहे बेटे को भी कॉल किया, लेकिन उससे बात नहीं हो सकी। बर्थडे सेलिब्रेट करने के बाद सभी अपने कमरे में चले गए। देर रात महिला डॉक्टर ने एनेस्थीसिया का इंजेक्शन लगा लिया। जिसके कारण उनकी मौत हो गई। पत्नी के इस तरह के उठाए गए कदम से उनके पति भी हैरान हैं और समझ नहीं पा रहे हैं कि आखिर किस वजह से उन्होंने ख़ुदकुशी की।
पुलिस को जांच के दौरान एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें महिला डॉक्टर ने लिखा है कि जीवन से पूरी तरह संतुष्ट हूं। होश-हवास में आत्महत्या कर रही हूं। इसके लिए कोई जिम्मेदार नहीं है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Home / Bilaspur / जन्मदिन मनाने के बाद महिला डॉक्टर ने की खुदकुशी, पुलिस को मिले सुसाइड नोट में लिखी ये बातें

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.