scriptधन को धन्य करने लक्ष्मी व कुबेर को करेंगे प्रसन्न, मांगेंगे खुशहाली | Laxmi and Kuber will be happy to thank you and bless you with happines | Patrika News

धन को धन्य करने लक्ष्मी व कुबेर को करेंगे प्रसन्न, मांगेंगे खुशहाली

locationबिलासपुरPublished: Nov 05, 2018 11:31:03 am

Submitted by:

Amil Shrivas

धनतेरस आज: मां लक्ष्मी के इंतजार में सज गए बाजार

Laxmi and Kuber will be happy to thank you and bless you with happines

धन को धन्य करने लक्ष्मी व कुबेर को करेंगे प्रसन्न, मांगेंगे खुशहाली

बिलासपुर. दीपोत्सव पर्व की शुरुआत धनतेरस से हो रही है। खरीदी के शुभ मुहूर्त के इस पर्व में बाजार में लक्ष्मी की कृपा बरसेगी और इसके लिए बाजार पूरी तरह से सज गया है। शहर के सराफा बाजार, बर्तन बाजार से लेकर वाहन और इलेक्ट्रानिक्स सामानों से सजी दुकानों में भारी भीड़ उमड़ेगी। प्रशासन ने बाजार के उत्साह को देखते हुए सोमवार को सदर बाजार में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। धनतेरस के अवसर पर खरीदी के लिए बाजार ग्राहकों को लुभाने को आतुर है। शहर के सदर बाजार, गोल बाजार, बुधवारी, शनीचरी, अग्रसेन चौक, तेलीपारा, अरपापार क्षेत्र के राजकिशोर नगर, नूतन चौक, चांटी डीह बाजार सहित मेगनेटो व सिटी मॉल में दुकानें दुल्हन की तरह सज चुकी हैं। दुकानदार द्वारा अधिक से अधिक ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए तरह-तरह की ऑफर, कैशबैक और सुनिश्चित उपहार जैसी लुभावनी स्कीमें चलाई जा रहीं हैं। ऑटोमोबाइल्स में वाहनों की एडवांस बुकिंग है। ज्वेलरी की दुकानों में भी अच्छा व्यापार होने की उम्मीदें हैं। धनतेरस पर शहर में रीयल कारोबार भी उछाल देखने को मिलेगा। इस दिन विभिन्न कॉलोनियों में करीब ५० से ६० परिवार गृह प्रवेश भी करेंगे। इसके अलावा इलेक्ट्रानिक, पीतल बर्तन, मूर्तियां, कपड़ा, पटाखे, साज-सज्जा की सामग्री, फर्नीचर खरीदी भी होगी। धनतेरस के एक दिन पहले ही बाजार में अपने पूरे रौ मे ंदिखा। इसके पहले पुष्य नक्षत्र में भी बाजार में जमकर खरीदी हुई थी।
6 हजार बाइकों की एडवांस बुकिंग
धनतेरस पर शहर में सत्या ऑटो मोबाइल्स में १२५ बाइकों की बुकिंग, ड्रीम होंडा में २५० और हीरो में १५००, इसी तरह टीवीएस, यामाहा और अन्य शोरूम में बाइकों की एडवांस बुकिंग है। शोरूम संचालकों की माने तो रविवार को करीब ६ हजार बाइकें खरीदी जाएंगी। सबसे अधिक स्कूटी वाहनों की खरीदी चल रही है। इसके अलावा छोटी फैमिली कारों की बुकिंग की गई है।
सराफा बाजार उठने की उम्मीदें
तनिष्क ज्वेलर्स संचालक नितिन अग्रवाल ने बताया कि सोने-चांदी के अलावा डायमंड की खरीदी भी होने लगी है। इस वर्ष २० से २५ प्रतिशत अधिक करीब ४० करोड़ का व्यापार होने की उम्मीद है। ज्वलरी पर भी मेंकिंग चार्ज में छूट दी जा रही है। ज्वेलरी में नया उत्सव कलेक्शन महिलाओं को लुभा रहा है। नई-नई नक्काशी के गहने बुक हो रहे हैं। इवहीं सदर बाजार स्थित सुरेश ज्वेलर्स संचालक की माने तो धनतेरस पर सबसे ज्यादा बिक्री चांदी के सिक्कों, बर्तन और मूर्तियों की होती है। दुकानों में ५ ग्राम से लेकर 100 ग्राम तक के चांदी के सिक्के मौजूद हैं।
पटाखों के दामों में फर्क नहीं
इस वर्ष पटाखों के दामों ज्यादा फर्क नहीं देखा गया। लेकिन सबसे ज्यादा फुलझड़ी व छोटे पटाखों की बिक्री अधिक बताई जा रही है। दुकानों में अनारदाने, सुतली बम, फुलझड़ी, रॉकेट, चकरी की दुकानें लगी हैं। सड़कों के किनारे लाई-बताशा, दीए, ग्वालिन व पूजन सामग्री की खरीदी भी की जा रही है। रंगोली के लिए युवतियां दुकानों में तरह-तरह के रंगों की खरीदी में व्यस्त रहीं।
इनकी खरीदी से बचें
धनतेरस पर कांच की वस्तुओं की खरीदी से बचना चाहिए। कहा जाता है कि शीशे का संबंध राहु से होता है। एल्यूमीनियम के बर्तन न खरीदें इस पर भी राहु का प्रभाव बताया जाता है। किचन की नुकीली वस्तुएं जिसमें चाकू या अन्य लोहे की सामग्री खरीदना भी अशुभ माना जाता है।
इलेक्ट्रानिक बाजार में बूम
इलेक्ट्रोनिक एसोसिएशन के अध्यक्ष विष्णु मुरारका की माने तो टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन सहित तमाम इलेक्ट्रानिक आइटम की एडवांस बुकिंग चल रही है। दीपावली पर इलेक्ट्रोनिक व्यापार ३० करोड़ के ऊपर होगा। दुकानों में २५ से ३० प्रतिशत ऑफ का ऑफर भी चल रहा है कंपनियां और व्यापारी भी अपनी तरफ से रियायतें दे रहे हैं। सामग्री पर एक्सचेंज ऑफर भी ग्राहकों को लुभा रहा है।
धनतेरस के साथ शुरू हो जाएगा दीपोत्सव
धनतेरस सोमवार को प्रदोष काल में हस्त नक्षत्र के योग में मनाया जाएगा। इसके साथ ही पांच दिवसीय दीपोत्सव की शुरुआत हो जाएगी। ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक यह दीपोत्सव काफी खास रहेगा। इसकी शुरुआत ही सोम प्रदोष में हो रही है। जिससे भगवान शंकर का आशीर्वाद मिलेगा साथ ही साथ आरोग्य के देव धनवंतरि की पूजा की जाएगी। वहीं सोने-चांदी व बर्तनों की खरीदारी करना सबसे उत्तम होगा। धनतेरस की तिथि कार्तिक कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी की तिथि को मनाई जाती है। इसलिए दीपोत्सव की शुरुआत होती है। ज्योतिषाचार्य एवं वास्तुविद डॉ.दीपक शर्मा ने बताया कि धनतेरस का पर्व आरोग्य के देव धनवंतरि जयंती के अवसर पर मनाई जाती है। पुराणों के मुताबिक इस दिन समुद्र मंथन के दौरान भगवान धनवतंरि कलश लेकर उत्पन्न हुए थे। इन्हें आरोग्य का स्वामी माना जाता है।
इनकी पूजा के लिए शुभ मुहूर्त सुबह सूर्योदय के बाद स्नान, ध्यान करते हुए की जाएगी। शाम में तेरह दीप जलाकर मां लक्ष्मी, भ्भगवान धनवंतरि की पूजा-अर्चना करते हुए प्रज्ज्वलित की जाएगी।
खरीदारी का शुभ मुहूर्त: सुबह ११.०५ बजे से दोपहर २.४३ बजे तक खरीदारी का उत्तम मुहूर्त है। वहीं प्रदोष काल में शाम के समय ५.२७ बजे से रात्रि ९.४३ बजे तक खरीदारी का उत्तम मुहूर्त रहेगा।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो