बिलासपुर

बिलासपुर खाली, अपनी सियासत चमकाने नेता पहुंचे दिग्गजों के क्षेत्र में, नजदीकी बढ़ाकर मांग रहे वोट

कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता से लेकर कार्यकर्ता तक खाली हो गए हैं

बिलासपुरMay 02, 2019 / 07:08 pm

Amil Shrivas

बिलासपुर खाली, अपनी सियासत चमकाने नेता पहुंचे दिग्गजों के क्षेत्र में, नजदीकी बढ़ाकर मांग रहे वोट

बिलासपुर. छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान होने के बाद कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता से लेकर कार्यकर्ता तक खाली हो गए हैं। आचार संहिता के कारण कुछ काम नही हो पा रहा है। इस वजह से शहर के नेता कोई अमेठी तो कोई रायबरेली चुनाव प्रचार करने के लिए चले गए हैं। ज्यादातर कांग्रेसी नेता सोनिया व राहुल गांधी के क्षेत्र में प्रचार करना पसंद कर रहे हैं। कांग्रेस की एक टीम पहले से रायबरेली और अमेठी में गांव-गांव प्रचार करने में जुटी है। वहीं दूसरी टीम भी जल्द ही रवाना होने वाली है। वहीं कुछ लोग मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के प्रचार करने के लिए जाने की तैयारी कर चुके हैं। वहीं कुछ कमलनाथ के प्रचार कर वापस लौट गए हैं। अब रायबरेली जाने की तैयारी कर रहे हैं। वहीं भाजपा से नेता प्रतिपक्ष धरम लाल कौशिक, विधायक कृष्णमूर्ति बांधी के अलावा अन्य लोग प्रचार प्रसार के लिए गए हैं।
0 अमेठी लोकसभा में राहुल गांधी का चुनाव प्रचार करने के लिए शहर से लोकसभा प्रत्याशी अटल श्रीवास्तव,जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी, सुशील शुक्ला,धर्मेश शर्मा ,राकेश सिंह, सुधांशु मिश्रा वहीं पिछड़ा वर्ग के अध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव व कांग्रेस के प्रदेश सचिव रामशरण यादव भी दो दिन के अन्दर अपने टीम के साथ अमेठी के लिए रवाना होने वाले हैं। कांग्रेसी अमेठी क्षेत्र के लोगों को यह बता रहे हैं कि छग में कांग्रेस की सरकार कौन कौन से पालिसी अपना कर चुनाव लड़ा और जिसका फायदा किसानों और आम जनता को मिल रहा है।
0 नगर विधायक शैलेष पाण्डेय रायबरेली में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। पाण्डेय का वहां से जुड़़ाव रहा है और इसका उन्हें लाभ मिल रहा है। वे गांव गांव डोर टू डोर प्रचार कर रहे हैं। पाण्डेय लोगों से मिल रहे हैं। घर- घर जाकर यह बता रहे हैं कि कांग्रेस की सरकार क्यों जरुरी है। इससे क्या क्या फायदे हो सकते हैं ? गरीब तबके के लोगों को 72 हजार सालाना की योजना की भी जानकारी दे रहे हैं। पाण्डेय के साथ स्थानीय नेताओं की भी टीम है।
0 मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के प्रचार करने के लिए 6 मई को भुनेश्वर यादव,बेलतरा के ब्लाक अध्यक्ष झगराम सूर्यवंशी ,अनिल यादव ,शहर अध्यक्ष नरेन्द्र बोलर, नेता प्रतिपक्ष शेख नजीरुदीन भी जाने की तेयारी कर लिए हैं। इसके अलावा एक दूसरी टीम भी तैयार हो रही है। मध्यप्रदेश के जमाने में दिग्विजय सिंह यहां आते थे इन नेताओं से करीबी संबंध रहा है। बताया जाता है कमलनाथ सिंह का प्रचार प्रसार कर कुछ नेता शहर वापस भी आ गए हैं।
0 नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक झारखण्ड धनबाद के लिए रवाना हो गए हैं। राष्ट्रीय संगठन मंत्री जिले के भाजपा नेताओं को यहां बूथ और 12 मई को होने वाले मतदान की जिम्मेदारी सौंपी है। नेता प्रतिपक्ष धरमलाल के साथ प्रदेश प्रवक्ता भूपेन्द्र सवन्नी,मस्तूरी विधायक डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी, बेलतरा विधायक रजनीश सिंह सहित जांजगीर जिले के नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। 12 दिन इन नेताओं का जमावड़ा धनबाद में रहेगा।

Home / Bilaspur / बिलासपुर खाली, अपनी सियासत चमकाने नेता पहुंचे दिग्गजों के क्षेत्र में, नजदीकी बढ़ाकर मांग रहे वोट

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.