scriptकांगे्रस ने खोल दिया अपना पत्ता भाजपा के प्रत्याशी का पता नहीं | Lok sabha CG 2019: Congress declared candidate in bilaspur | Patrika News

कांगे्रस ने खोल दिया अपना पत्ता भाजपा के प्रत्याशी का पता नहीं

locationबिलासपुरPublished: Mar 24, 2019 11:20:30 am

Submitted by:

BRIJESH YADAV

लोकसभा टिकट मिलने के बाद श्रीवास्तव पहुंचे मां महामाया के दरबार

Lok sabha CG 2019: Congress declared candidate in bilaspur

कांगे्रस ने खोल दिया अपना पत्ता भाजपा के प्रत्याशी का पता नहीं

बिलासपुर. बिलासपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री अटल श्रीवास्तव को टिकट मिला है। वे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी हैं। बताया जाता है कि लोकसभा चुनाव के लिए टिकट वितरण में किसी की नहीं चली। एकतरफा भूपेश बघेल ने अपना चलाया, जिसका लाभ अटल श्रीवास्तव को मिला। इससे पहले अटल का नाम बिलासपुर विधानसभा के लिए भी चला था, लेकिन एनवक्त में उनको टिकट नहीं मिल पाई थी। विधानसभा चुनाव के पहले कांग्रेस ने प्रत्याशियों के चयन के लिए केंद्रीय टीम से सर्वे कराया और विधानसभा में जाकर आमजन और कार्यकर्ताओं से दावेदारों से फीड बैक लिया था।
कांग्रेस भवन में दावेदारों से फार्म भराने के बाद उनका इंटरव्यू लिया गया। इसके बाद नेताओं द्वारा दिए गए नाम पर चर्चा करने के बाद सर्वे को आधार बनाकर टिकट दिया गया। लेकिन इस बार ऐसा कोई नियम नहीं रखा गया। लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के प्रमुख नेताओं ने अपने करीबियों के नाम आगे बढ़ाए और उसी को फायनल किया गया। कांग्रेस नेताओं के बीच इस बात की चर्चा है कि लोकसभा के दावेदारों का नाम फायनल करने में प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की एकतरफा चली और लोकसभा की टिकट मिल पाई है। अटल को टिकट मिलने के बाद कांग्रेस भवन व उनके निवास में समर्थकों की भीड़ लग गई। वे रतनपुर स्थित महामाया देवी का दर्शन किए। कार्यकर्ताओं ने जमकर पटाखे फोड़े।
बीजेपी-जकांछ पर टिकी निगाहें
राजनीतिक दृष्टि से बिलासपुर सत्ता का बड़ा केंद्र है। यहां से राजधानी की भी राजनीति प्रभावित होती रहती है। सत्तारुढ़ दल कांग्रेस को जिले से कम सीट मिलना नेताओं को कचोटते रहता है। इस कारण कांग्रेस इस बार किसी भी सूरत में बिलासपुर संसदीय क्षेत्र में अपना दबदबा बनाए रखने के लिए प्रयासरत है। लोकसभा की 4 सीट में भाजपा और 2 सीट में जोगी कांग्रेस है। कांग्रेस की नजर दोनों पार्टी पर है कि यहां से किसको टिकट दिया जा रहा है।
कांग्रेस के लिए बड़ी चुनौती
बिलासपुर लोकसभा सीट कांग्रेस के लिए बड़ी चुनौती भरा है। वर्ष 1996, 98, 99 एवं 2004 तक भाजपा से पुन्नूलाल मोहले सांसद रहे। इसके बाद वर्ष 2009 में स्व. दिलीप सिंह जूदेव, वर्ष 2014 में लखन लाल साहू सांसद बने। इस सीट को हासिल करने के लिए कांग्रेस ने जोगी कांग्रेस के चार दावेदारों को कांग्रेस में प्रवेश कराया है। किसानों के कर्ज माफी, धान के 2500 रुपए समर्थन मूल्य और बिजली बिल हाफ इस चुनाव में कांग्रेस के लिए ऑक्सीजन का काम कर सकता है।
दिग्गजों की प्रतिष्ठा बनी बिलासपुर लोकसभा
मुख्यमंत्री बघेल अपने करीबी अटल श्रीवास्तव को टिकट दिलाने में सफल हो गए, लेकिन बिलासपुर लोकसभा सीट को जीतना उनके लिए बड़ी चुनौती है। सीएम बघेल के कट्टर विरोधी पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी का गृह जिला है। वहीं धर्मजीत सिंह लोरमी और कोटा से डॉ.रेणु जोगी जकांछ के विधायक हैं। पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, पुन्नूलाल मोहले, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी जैसे दिग्गज के निर्वाचन क्षेत्र इस लोकसभा में आते हैं। लोकसभा में 6 बार से भाजपा के सांसद चुने जा रहे हैं।
जहां हुई थी तोडफ़ोड़ वहीं मनी खुशियां
विधानसभा चुनाव में अटल को टिकट नहीं मिली थी, तब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय में तोडफ़ोड़ की थी, अब लोकसभा में अटल को टिकट मिलते ही उन्हीं कार्यकर्ताओं ने जमकर खुशियां मनाई।
प्रत्याशी का पता नहीं सम्मेलन आज से
बिलासपुर. लोकसभा क्षेत्र के लिए भाजपा ने अभी प्रत्याशी तय किया नहीं है और रविवार से विधानसभा चुनाव में पराजय के बाद फिर से कार्यकर्ताओं को रिचार्ज करने विधानसभास्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। तय कार्यक्रम के तहत रविवार को बेलतरा विधानसभा का कार्यकर्ता सम्मेलन सुबह 10 बजे से ग्राम रमतला के ओम शिव सांई मंदिर में आयोजित किया गया है। इसके बाद दोपहर 3 बजे से मस्तूरी विधानसभा का सम्मेलन होगा। 26 मार्च को मुंगेली और लोरमी का सम्मेलन सुबह 11 बजे से और फिर 3 बजे से होगा। 27 मार्च को तखतपुर और कोटा तथा 28 मार्च को बिल्हा और बिलासपुर विधानसभा के कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया है।
इन सम्मेलनों में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, बिलासपुर लोकसभा के कलस्टर प्रभारी अमर अग्रवाल,पूर्व मंत्री व मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले, नारायण चंदेल, सासंद लखनलाल साहू, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष बद्रीधर दीवान, पूव मंत्री और मस्तूरी विधायक डॉ कृष्णमूर्ति बांधी, प्रदेश प्रवक्ता भूपेंद्र सवन्नी, बेलतरा विधायक जिलाध्यक्ष रजनीश सिंह, जिला महामंत्री घनश्याम कौशिक और रामदेव कुमावत समेत भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता के मौजूदगी का दावा किया गया है लेकिन ज्यादातर नेता अभी अपनी टिकट के लिए मशक्कत करने भिड़े हैं।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो