राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की आमसभा में शामिल होंगे 25 विधानसभा और 4 लाेकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता
बिलासपुरPublished: Jun 29, 2023 09:18:44 pm
बिलासपुर. केन्द्र सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर राष्ट्रीय स्तर पर आमसभा के आयोजन के मद्देनजर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष 30 जून को रेलवे के एनईआई मैदान में आसमाभा को संबोधित करेंगे।सभा में 25 विधानसभा और 4 लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता शामिल होंगे। ये बातें प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व सांसद अरूण साव ने गुरुवार को भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान कही।


राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की आमसभा में शामिल होंगे 25 विधानसभा और 4 लाेकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा रायपुर विमानतल से शाम 4 बजे हेली काॅप्टर से उड़कर 4.35 बजे बिलासादाई केंवट एयरपोर्ट पहुंचेगे। यहां लाल साईं से मुलाकात करने के बाद वे कार से सीधे एनईआई मैदान सभा स्थल पहुंचेंगे। कार्यक्रम के लिए 100-100 कार्यकर्ताओं की समितियां बनाई गई है, जिन्हें मंच, पार्किंग, शहर सजावट समेत अलग-अलग काम सौंपे गए हैं। सभा में क्षेत्र के 25 विधानसभा और 4 लोक सभा क्षेत्रों के हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे। सभा में वे केन्द्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देंगे। टीएस सिंहदेव को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस में आपसी घमासान चल रहा है। टीएस सिंहदेव को उपमुख्यमंत्री बनाकर उनका अपमान किया गया है। ढाई-ढाई साल के लिए सीएम बनाने के नियम को कांग्रेस ने खुद तोड़ दिया है। चुनाव के ठीक पहले टीएस को उपमुख्यमंत्री बनाया जाना सरगुजा की जनता के साथ विश्वासघात है। उन्होंने सिंहदेव को सीएम बनाए जाने के लिए वोट दिया था। हवाई सेवा बदहाल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट राज्य सरकार का है और यहां व्यवस्था करने का काम भी राज्य सरकार का है। इसलिए जब तक निजी एयरलाइंस के लिए व्यवस्था नहीं होगी शहर को और उड़ान नहीं मिल पाएगी। केन्द्र सरकार की एलायंस कंपनी की फ्लाइटें लगातार शहर आ रही हैं और यहां से उड़ान भर रही हैं।