scriptजकांछ से लौटी वाणी को पद देने से महिला विंग नाराज | The woman wing annoyed after giving a voice to the voice | Patrika News
बिलासपुर

जकांछ से लौटी वाणी को पद देने से महिला विंग नाराज

शहर अध्यक्ष व जिलाध्यक्ष को महिलाओं ने कहा कि हम 25 से 30 वर्ष तक लगातार कांग्रेस के लिए काम करते आ रहे हैं।

बिलासपुरSep 17, 2018 / 02:41 pm

Amil Shrivas

vani rao

जकांछ से लौटी वाणी को पद देने से महिला विंग नाराज

बिलासपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा शनिवार को कार्यकारिणी घोषित की गई। इसमें वाणीराव को महामंत्री और संध्या तिवारी को प्रदेश सचिव बनाया गया है। इससे नाराज वरिष्ठ महिला कांग्रेसियों ने रविवार को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। शहर अध्यक्ष व जिलाध्यक्ष को महिलाओं ने कहा कि हम 25 से 30 वर्ष तक लगातार कांग्रेस के लिए काम करते आ रहे हैं। लेकिन बार-बार पार्टी छोड़कर जाने वालों प्रदेश कार्यकारिणी में स्थान देकर हमारा अपमान किया गया है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी घोषित होने के बाद महिला कांग्रेस में बवाल मच गया है। कई वरिष्ठ महिला कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। महिलाओं ने शहर अध्यक्ष नरेन्द्र व जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी को रविवार सुबह 10 बजे इस्तीफा सौंप दिया। बताया जाता है शहर अध्यक्ष व जिलाध्यक्ष ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन महिलाओं ने किसी की नहीं सुनी। महिलाओं ने इस्तीफे की कॉपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंह देव, चरण दास महंत को दिया है।

इन्होंने दिया इस्तीफा और कहा, कांग्रेस के खिलाफ काम करती आ रहीं वाणी राव : नाराज महिलाओं ने कहा, वाणी राव लगातार कांग्रेस के खिलाफ काम करती आ रही हैं। वह कांग्रेस छोड़कर पहले तिवारी कांग्रेस में गईं, फिर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जे का दामन थामा। कुछ ही दिन पहले ही वह कांग्रेस में लौटी हैं। यह जानते हुए भी पार्टी ने उन्हें इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंप दी। वहीं संध्या तिवारी ने कांग्रेस नहीं छोड़ा, लेकिन महिला कांग्रेस के शहर अध्यक्ष के पर से इस्तीफा दे दिया था। वह लगातार वाणीराव के साथ रहती हैं। पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष कांता सिन्हा, अलका शर्मा, आमना खान वरिष्ठ उपाध्यक्ष महिला कांग्रेस, सावित्री जायसवाल, शांति उपाध्याय, नीरजा द्विवेदी ने इस्तीफा दे दिया।

बात कांग्रेस कमेटी तक भेजी जाएगी : महिला कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। महिलाओं की बात सुनने के बाद उन्हें आश्वासन दिया गया है। उनकी बात प्रदेश कांग्रेस कमेटी तक पहुंचा दी जाएगी। -नरेन्द्र बोलर, शहर अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी
मुझे जानकारी नहीं : मुझे महामंत्री बनने से कौन नाराज है और किसने इस्तीफा दिया है इसकी जानकारी मुझे नही है। यह बात मैं आप से सुन रही हूं।
वाणी राव, प्रदेश महामंत्री कांग्रेस कमेटी

Home / Bilaspur / जकांछ से लौटी वाणी को पद देने से महिला विंग नाराज

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो