बिलासपुर

ससुर और पति से तंग आकर दो बच्चों के संग नदी में कूद गई मां, बहादुर महिला ने बचाई तीनों की जान

घरेलू विवाद से परेशान होकर महिला अपने दो मासूम बच्चों के साथ नदी में आत्महत्या करने कूद गई। उसी समय नदी में नहाने के लिए गई एक महिला ने इसे देखा और महिला व उसके बच्चों को नदी से निकाल लिया जिससे उनकी जान बच सकी।

बिलासपुरNov 25, 2021 / 01:52 pm

Ashish Gupta

तलाकशुदा बेटी ने पिता के ताने से दुखी होकर दो बच्चों और मां संग खारुन में लगाई छलांग, गोताखोरों ने बचाई जान

बिलासपुर. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के चकरभाठा के सेंवार गांव में रहने वाली महिला घरेलू विवाद से परेशान होकर अपने दो मासूम बच्चों के साथ नदी में आत्महत्या करने कूद गई। उसी समय नदी में नहाने के लिए गई एक महिला ने इसे देखा और महिला व उसके बच्चों को नदी से निकाल लिया जिससे उनकी जान बच सकी। इसके बाद घटना की सूचना डायल 112 को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को समझाईश दी। इसके बाद महिला को उसके घर पहुंचा दिया गया।
चकरभाठा क्षेत्र में रहने वाली राजेश्वरी गृहणी है। वह अपने पति और दो बच्चों को साथ लेकर पिरैया गांव के ईंट भट्टे में काम करती है। महिला ने बताया कि उसका ससुर कलीराम उसे प्रताड़ित करता है वहीं, इसकी जानकारी देने पर पति राजेश्वर ने मारपीट की। इसके बाद महिला अपने एक साल के बेटे और तीन साल की बेटी को साथ लेकर घर से निकल गई। महिला अपने बच्चों को लेकर कनेरी गांव पहुंच गई। यहां पर उसने अपने मासूम बच्चों के साथ अरपा नदी में छलांग लगा दी।

एक अन्य महिला ने दिखाई बहादुरी
जब पीड़ित महिला अपने बच्चों को लेकर नदी में छलांग ली तो उसी वक्त वहां नहाने के लिए पहुंची एक महिला ने इस घटना को देखा और महिला ने बहादुरी दिखाई और शोर मचाने व भीड़ जुटने का इंतजार किए बिना ही बचाव कार्य में जुट गई और किसी तरह बच्चों और महिला को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद घटना की जानकारी आसपास के लोगों को दी। साथ ही इसकी सूचना डायल 112 की टीम को दी गई। इस पर डायल 112 में तैनात आरक्षक सुरेश पटेल वहां पहुंचे और उन्होंने महिला को समझाइश दी।

यह भी पढ़ें: एक परिवार गया था बेटी का इलाज कराने तो दूसरा शादी में, घर लौटे तो देखकर उड़ गए होश

प्रताड़ित करने की बात आई सामने
112 आरक्षक ने महिला से घटना का कारण पूछा। इसपर महिला ने ससुर और पति द्वारा प्रताडि़त करने की जानकारी दी। पूछताछ के बाद डायल 112 से महिला को उसके घर पहुंचाया गया। पुलिस ने महिला के पति और परिवार वालों को भी घटना की जानकारी दी है। इसके बाद पिरैया गांव के सरपंच हजारी प्रसाद को बुलवाकर महिला और उसके परिवार वालों को समझाइश दी गई।

चकरभाठा और मस्तूरी पुलिस को नहीं है जानकारी
घटना मंगलवार सुबह की है। वहीं, इस घटना की जानकारी चकरभाठा और मस्तूरी पुलिस को नहीं है। एसपी दीपक झा ने बताया कि डायल 112 के आरक्षक ने महिला को सही सलामत घर पहुंचा दिया है। वहीं, इस घटना के कारणों की जानकारी संबंधित थाना प्रभारियों के पास दूसरे दिन भी नहीं पहुंच पाई है।

यह भी पढ़ें: छुट्टी के दिन पिकनिक मनाने गए दो शिक्षक इंद्रावती नदी में डूबे, दोनों को नहीं आता था तैरना

Home / Bilaspur / ससुर और पति से तंग आकर दो बच्चों के संग नदी में कूद गई मां, बहादुर महिला ने बचाई तीनों की जान

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.