क्रिकेटर बनाना चाहते थे विशाल:
आज बॉलीवुड पर राज करने वाले विशाल ने कभी नहीं सोचा था कि वो ग्लैमर वर्ल्ड में अपना कॅरियर बनाएंगें। दरअसल, विशाल क्रिकेट की दुनिया में अपना नाम कमाना चाहते थे। ये बात बहुत कम लोग ही जानते हैं कि विशाल एक अच्छे क्रिकेटर रह चुके हैं। मेरठ में रहते हुए उन्होंने स्टेट लेवल पर अंडर-19 क्रिकेट खेला है। लेकिन एक हादसे ने उनकी जिंदगी बदल दी। एक टूर्नामेंट से ठीक पहले प्रैक्टिस सेशन के दौरान उनका अंगूठा टूट गया। जिसकी वजह से वो आगे क्रिकेट नहीं खेल सके।
पत्नी से ऐसी हुई थी पहली मुलाकात:
विशाल की शादी रेखा से हुई है। दोनों की पहली मुलाकात एक फंक्शन के दौरान हुई थी। विशाल को रेखा पहली मुलाकात में इतनी पसंद आ गई थीं कि उन्होंने उनसे शादी करने का फैसला कर लिया था। इसके बाद दोनों की मुलाकातों का सिलसिला बढ़ा और बात शादी तक पहुंच गई। फिर क्या था साल 1991 में विशाल भारद्वाज और रेखा भारद्वाज शादी के बंधन में बंध गए।
17 साल की उम्र में एक गाने को दिया संगीत:
विशाल ने मात्र 17 साल की उम्र में एक गाने को संगीत दिया। उनके गाने को सुनकर उनके पिता काफी प्राभावित हुए। उन्होंने इस बारे में संगीतकार उषा खन्ना से बात की। उषा खन्ना ने उस संगीत को फिल्म ‘यार कसम’ में लिया। इसके बाद विशाल ने सबसे पहले साल 1995 में फिल्म ‘अभय’ में संगीत देकर अपने फिल्मी कॅरियर का डेब्यू किया था। लेकिन सही मायने में विशाल को पहचान मिली गुलजार की फिल्म ‘माचिस’ से। इसके बाद बतौर निर्देशक उन्होंने फिल्म ‘मकड़ी’ से डेब्यू किया। वहीं इस फिल्म में संगीत खुद विशाल ने ही दिया था। उन्हें फिल्म ‘गॉडमदर’, ‘ओमकारा’ और ‘हैदर’ के लिए बेस्ट म्यूजिक डायरेक्टर का नेशनल अवॉर्ड मिला।