scriptचेन्नई बाढ़ पीड़ितों के लिए आगे आए बॉलीवुड के सितारे  | Bollywood Celebrities Pray For The Safety Of The Victims Of Chennai Floods | Patrika News

चेन्नई बाढ़ पीड़ितों के लिए आगे आए बॉलीवुड के सितारे 

Published: Dec 04, 2015 12:59:00 pm

बॉलीवुड जगत के हीरो रणवीर सिंह, आर माधवन समेत कई नामचीन सितारों ने चेन्नई में बाढ़ की स्थिति का सामना कर रहे लोगों के प्रति सहानुभूति व्यक्त की है

Ranveer singh

Ranveer singh

मुंबई। बॉलीवुड जगत के कई नामचीन सितारों ने चेन्नई में बाढ़ की स्थिति का सामना कर रहे लोगों के प्रति सहानुभूति व्यक्त की है। एक कार्यक्रम के दौरान कई अभिनेताओं ने इस स्थिति पर अपनी भावनाएं व्यक्त की।

अभिनेता रणवीर सिंह ने कहा कि यह बहुत ही गंभीर मामला है। हमारी सहानुभूति चेन्नई के सभी लोगों के साथ हैं। मुझे उम्मीद है कि हमारी सरकार और सभी एकजुट होकर चेन्नई के लोगों की मदद करेंगे। मैं इस बाढ़ में अपनों को खो चुके लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। पूरे विश्व को यह देखने की जरूरत है कि हमने पृथ्वी के साथ किस तरह का खिलवाड़ किया है। पृथ्वी को बचाने के लिए यह एक चेतावनी की तरह है।

अभिनेता आर.माधवन ने कहा चेन्नई में मेरे कई दोस्त और परिवार के सदस्य मुसीबत का सामना कर रहे हैं। वे अचंभित हैं। मैं छह फुट पानी में सांप और बिच्छुओं से गुजरकर दूध और खाने-पीने का सामान लाने वाले लोगों को सलाम करता हूं।

तमिल अभिनेत्री ताप्सी पन्नू का कहना है, यह बहुत ही दुखद है। मुझे समझ नहीं आ रहा कि इसके लिए किसे दोष दूं। यह दोष इन लोगों का नहीं है लेकिन फिर भी ये इस मुसीबत का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं अपने कुछ अभिनेता दोस्तों के संपर्क में हूं, उनके घरों में भी पानी घुस गया है। इसका मतलब यह है कि बाढ़ से समाज के ऊपरी वर्ग पर भी फर्क पड़ा है।

अभिनेत्री राधिका आप्टे ने कहा कि मैं उम्मीद करती हूं कि स्थिति में जल्द सुधार होगा। मैंने कई लोगों से बात की लेकिन पिछले दो दिनों से बिजली नहीं होने की वजह से उनके फोन बंद हैं।

अभिनेता-गायक आयुष्मान खुराना ने कहा कि सैन्यबल बचाव कार्यों में लगा हुआ है। मैं सिर्फ लोगों के लिए प्रार्थना कर सकते हैं और सबसे अच्छी बात यह है कि रेडियो प्रस्तुतकर्ता इस दिशा में बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। इसके अलावा अन्य बॉलीवुड सितारों ने भी सोशल मीडिया के जरिए बाढ़ पीडि़तों के प्रति सहानुभूति व्यक्त की।

गौरतलब है कि चेन्नई में कई दिनों से बारिश हो रही है जिसके कारण पूरे चेन्नई में बाढ़ आ गई है। बाढ़ के कारण सभी के घर में पानी भर गया है और इसमें फंसे लोगों को निकालने के लिए आर्मी लगी हुई है। इस बाढ़ के कारण अबतक करीब सवा तीन सौ लोगों की मौत हो चुकी है।

ट्रेंडिंग वीडियो