script60 के दशक की मशहूर अभिनेत्री साधना का निधन | Famous actress Sadhana passes away | Patrika News

60 के दशक की मशहूर अभिनेत्री साधना का निधन

Published: Dec 25, 2015 02:07:00 pm

बुखार होने पर मुंबई में अस्पताल में भर्ती कराया गया था,जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।

sadhna

sadhna

मुंबई। अपनी जीवंत अदाकारी के लिए जानी जाने वाली बीते जमाने की मशहूर अभिनेत्री साधना का आज मुंबई के एक अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। वह 74 साल की थीं। सूत्रों के अनुसार आज हिंदुजा अस्पताल में उनका निधन हो गया। वह कुछ समय से बीमार थीं। पिछले साल ही उनकी सर्जरी हुई थी। ऐसा कहा जा रहा है कि वह मुंह के कैंसर से पीड़ित थीं। कल उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। बालों को संवारने का उनका साधना कट स्टाइल एक जमाने में बहुत लोकप्रिय रहा था। 

उन्होंने हम दोनों, एक मुसाफिर एक हसीना, असली-नकली, आरजू, वक्त , लव की शिमला, एक फूल दो माली, मेरे महबूब और इंतकाम जैसी सुपरहिट फिल्मों में अभिनय किया था। वह राज कपूर की फिल्म श्री 420 के गीत मुड़-मुड़ के ना देख में कोरस गर्ल के रूप में भी नजर आयी थीं। कई साल तक कैमरे की चकाचौंध से दूर रहने के बाद साधना ने पिछले साल मई में कैंसर और एड्स पीड़ितों के लिए धन जुटाने के लिए बॉलीवुड अभिनेता रणवीर कपूर के साथ रैंप वॉक किया था। 


ट्विटर पर कई लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

निर्माता, निर्देशक करण जौहर ने ट्वीट किया,आरआईपी साधना आंटी…सौंदर्य, आत्मविश्वास और आकर्षण की आपकी विरासत अमर रहेगी।

पत्रकार राजदीप सरदेसाई ने ट्वीट किया,साधना पहली ऐसी अभिनेत्री हैं, जिनके नाम पर एक हेयरस्टाइल शुरू हुआ। उनका ‘साया’ हमेशा ज़िंदा रहेगा।

अभिनेत्री आशा पारेख के मुताबिक़, पिछले हफ़्ते ही हम मिले थे और हमारी पार्टियां होती थीं, जिनमें हम बीते ज़माने की एक्ट्रेसेज़– हेलेन, वहीदा रहमान, शम्मी आंटी और कई लोग मिलते थे। उनकी तबियत पहले से ख़राब थी और पांच-छह कोर्ट केस भी चल रहे थे, जिनके चलते वह परेशान थीं. उन्होंने कभी अपना दुख हमसे साझा नहीं किया।

आशा पारेख कहती हैं, वह बहुत पॉपुलर थीं और उसका साधना कट मुझे आज भी याद है. हम उनके घर ही जा रहे हैं।

पिछले साल मुँह के कैंसर की वजह से साधना की सर्जरी हुई थी। पिछले साल वह अभिनेता रणबीर कपूर के साथ रैंप पर भी दिखी थीं।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो