मुल्तान/इस्लामाबाद। पाकिस्तान की पुलिस ने मॉडल एवं एक्ट्रेस कंदील बलोच के हत्यारे भाई मोहम्मद वसीम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि वसीम ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। वसीम ने पुलिस को बताया कि उसने शान के लिए कंदील को मार डाला। वसीम ने कहा,उसे अपनी बहन की हत्या का कोई अफसोस नहीं है। वसीम अपनी बहन की हत्या के बाद से फरार चल रहा था। वसीम ने बताया कि पहले उसने कंदील को बेहोशी की दवा दी,फिर गला दबाकर हत्या कर दी। वह कंदील के सोशल मीडिया पर अश्लील वीडियो शेयर करने परेशान था। कंदील परिवार का नाम खराब कर रही थी।अपने बयान में वसीम ने कहा,कंदील की वजह से हमारे परिवार की बहुत बदनामी हो रही थी। ये मुझे बर्दाश्त नहीं हो रहा था। शुक्रवार रात 11.30 बजे जब सब गहरी नींद में सो रहे थे तभी मैंने उसको मार दिया। हत्या में मेरे भाई की कोई भागीदारी नहीं है। कुछ समय पहले वसीम ने फेसबुक और वीडियो के जरिए कंदील को धमकी भी दी थी। कंदील शनिवार को मुल्तान में अपने घर में मृत पाई गई थी। मुल्तान के जिला पुलिस प्रमुख अजहर अकरम ने बताया कि कंदील की मौत गला घोंटने से हुई है। कंदील के पिता ने अपने बेटे वसीम के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। उन्होंने दूसरे बेटे पर भी हत्या को अंजाम देने का आरोप लगाया था। साथ ही इस बात का भी खुलासा किया था कंदील के पैसों के लिए उसके भाईयों ने उसे मार डाला। तीन हफ्ते पहले कंदील ने पाकिस्तान के आतंरिक सुरक्षा मंत्री,संघीय जांच के महानिदेशक और इस्लामाबाद के पुलिस प्रमुख को पत्र लिखकर सुरक्षा की मांग की थी। कंदील ने मोबाइल फोन पर धमकियां मिलने की बात कहते हुए खुद की जान को खतरा बताया था लेकिन पुलिस ने उसे कोई सुरक्षा नहीं दी। पाकिस्तान के चैनल जिओ न्यूज के मुताबिक जान को खतरा होने की वजह से कंदील विदेश में बसने का मन बना चुकी थी लेकिन उसकी मांग पर पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी। कंदील का असली नाम फौजिया अजीम था लेकिन मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखने के बाद उसने अपना नाम बदलकर कंदील बलोच रख लिया था। पुलिस ने बताया कि कंदील को अपने ही परिवार से मॉडलिंग छोडऩे और सोशल मीडिया से हटने की धमकी मिली थी। हाल ही में कंदील ने मुफ्ती कावी के साथ एक विवादास्पद सेल्फी लेकर उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। इसमें वह मुफ्ती की टोपी अपने सिर पर लगाए दिखाई दे रही थी। इसके बाद पाकिस्तान की रूईत ए हिलाल कमेटी ने मुफ्ती की सदस्यता निलंबित कर दी थी।कंदील अपने बोल्ड अंदाज और विवादों में रहने की वजह से अक्सर मीडिया में छाई रहती थी। कंदील के मारे जाने की खबर के बाद सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने इसे शर्मनाक कृत्य बताते हुए दोषियों को कड़ी सजा दिए जाने की मांग की है। कंदील ने कई बार पूर्व क्रिकेटर और विपक्षी नेता इमरान खान के साथ शादी की इच्छा जताई थी।