नई दिल्ली | फिल्म इंडस्ट्री के लिए 29 और 30 अप्रैल ऐसे बुरे दिन साबित हुए कि दो बड़े कलाकारों को सभी ने खो दिया। पहले इरफान खान (Irrfan Khan) और फिर ऋषि कपूर (Rishi Kapoor) दोनों के निधन से लोग उभर नहीं पा रहे हैं। वहीं हाल ही में शत्रुघ्न सिन्हा (Shatrughan Sinha) ने ऋषि कपूर को याद करते हुए उनके बारे में कई बातें साझा कीं। हालांकि जब उनसे ऋषि कपूर और रणबीर कपूर की तुलना पर सवाल किया गया तो वो थोड़े नाराज दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि बाप बाप होता है। ऋषि कपूर की विरासत को आगे ले जाना रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) के लिए आसान नहीं होगा।
शत्रुघ्न सिन्हा ने ऋषि कपूर को याद करते हुए कहा कि वो बहुत ही बेहतरीन कलाकार थे। ऋषि कपूर से बेटे रणबीर कपूर की तुलना पर उन्होंने कहा- ऋषि कपूर रोमांस के पोस्टर बॉय थे। राजेंद्र कुमार और राजेश खन्ना के बाद ऋषि अपने स्टाईल से रोमांस के पोस्टर बॉय बने थे। लेकिन रणबीर के लिए ये सब इतना आसान नहीं होगा क्योंकि बाप बाप होता है। रणबीर ने भी रोमांस का पोस्टर बॉय बनने की कामयाबी हासिल की थी लेकिन उनको अभी लंबा सफर तय करना होगा। बाप और बेटे की तुलना अभी नहीं की जा सकती।
बता दें कि रविवार को ऋषि कपूर की अस्थियां मुंबई के बाणगंगा में विसर्जित की गई थी। जहां नीतू कपूर, रणबीर कपूर, बेटी रिद्धिमा कपूर, दामाद भरत साहनी, आलिया भट्ट और अयान मुखर्जी शामिल हुए थे। वहीं परिवार ऋषि कपूर की अस्थियों का विसर्जन हरिद्वार में करना चाहता था लेकिन लॉकडाउन के चलते उन्हें परमिशन नहीं मिल पाई थी जिसके कारण उन्होंने इसे मुंबई में ही संपन्न किया। वहीं उसके बाद करीना कपूर खान भी चाची नीतू कपूर और परिवार से मिलने गई थीं।