बेबाक और बोल्ड अंदाज के कारण सुर्खियां बटोरने वाली पूनम का जन्म 11 मार्च, 1991 में दिल्ली में एक बेहद साधारण परिवार में हुआ था। उन्होंने अपनी पढ़ाई भी दिल्ली से ही पूरी की और फिर 18 साल की उम्र में उन्होंने मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा। वह 2011 में कैलेंडर गर्ल्स की मॉडल बनीं थीं और फिर साल 2013 में पूनम ने ‘नशा’ फिल्म से बॉलीवुड में कदम रखा। इसके बाद वह ‘द जर्नी ऑफ कर्मा’, ‘मालिनी एंड कंपनी’ आदि फिल्मों में नजर आईं। उन्होंने भोजपुरी, तेलुगू और कन्नड़ फिल्मों में भी काम किया था।
पूनम ने छोटे पर्दे पर मेरी आशिकी तुमसे ही, नादानियां, खतरों के खिलाड़ी और लॉकअप जैसे लोकप्रिय शो भी किए। हालांकि, पूनम फिल्में, रियलिटी शो और मॉडलिंग के क्षेत्र में नाम कमाने से ज्यादा अपने विवादों के कारण सुर्खियों में रहती थी।
पूनम ने कई फिल्मों में काम किया, मॉडलिंग की, लेकिन उन्होंने अपने अभिनय कौशल से ज्यादा विवादों के कारण सुर्खियां बटोरी थीं। नीचे पूनम के ऐसे ही कुछ विवादित किस्से बताए गए हैं।
पूनम ने 2020 में सैम बॉम्बे से शादी की थी। शादी के करीब 10-12 दिन बाद ही यह खबर आई थी कि पति सैम ने पूनम के साथ मारपीट की। इसके बाद पूनम ने सैम के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी, जिसके बाद सैम की गिरफ्तारी हुई थी। इस घटना के बाद दोनों का तलाक भी हो गया था। जब पूनम लॉकअप शो में थी, तब उन्होंने अपनी खराब शादी पर खुलकर बात की थी। उन्होंने कहा था कि एक बार सैम ने उन्हें इस तरह मारा था कि उन्हें ब्रेन हैमरेज हो गया था।