script

किशोरी की हत्या के बाद युवक ने जहर खाकर काटी दोनों हाथों की नस, फेसबुक पर पोस्ट किया था नोट

locationबुलंदशहरPublished: Mar 13, 2021 12:19:39 pm

Submitted by:

lokesh verma

Highlights
– बुलंदशहर के नरौरा थाना क्षेत्र के कस्बे की घटना
– फेसबुक पर युवक ने दो वीडियो और एक नोट किया था अपलोड
– अस्पताल में भर्ती युवक की हालत नाजुक

पत्रिका न्यूज नेटवर्क

बुलंदशहर. फेसबुक पर ऐलान के बाद किशाेरी की हत्या और युवक द्वारा आत्महत्या के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि युवक ने पहले फेसबुक पर एक नोट और दो वीडियो अपलोड किए। इसके बाद युवक ने हथौड़े से वार करते हुए किशोरी को मौत के घाट उतार दिया। बाद में युवक ने खुद भी जहर का सेवन करते हुए अपने दोनों हाथों की नस काट ली और खुद फोन कर पुलिस को मामले की जानकारी दी।
यह भी पढ़ें- करणी सेना अध्यक्ष के बेटे की मौत के मामले में नया मोड़, पत्नी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज

दरअसल, यह घटना नरौरा थाना क्षेत्र के एक कस्बे की है। बताया जा रहा है मोहल्ला नई बस्ती के रहने वाले 23 वर्षीय टीकम प्रजापति ने शुक्रवार को एक किशोरी को अपने बंद मकान में बुलाया था। इसके बाद उसने किशोरी के साथ दो वीडियो बनाए और फेसबुक पर अपलोड कर दिए। इसके साथ ही उसने एक चार पन्ने का नोट भी फेसबुक पर शेयर किया। नोट में उसने लिखा था कि वह किशोरी की हत्या के बाद खुद सुसाइड करने जा रहा है। इस नोट में इसके लिए किशोरी के साथ उसकी मां और एक अन्य व्यक्ति को जिम्मेदार ठहराते हुए उन पर ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया।
फेसबुक पर हत्या और आत्महत्या का नोट वायरल होते इसकी सूचना कुछ लोगों ने पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची और मकान की दीवार और दरवाजा तोड़ दिया। पुलिस ने देखा कि दोनों खून से लथपथ पड़े हैं। इसके बाद बिना देर किए पुलिस ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने किशोरी की मौत की पुष्टि की। वहीं, युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों का कहना है कि युवक फिलहाल नशे की हालत में है और उसके हाथों की नसें भी कटी हुई हैं।
पुलिस पूछताछ में युवक ने बताया कि पहले उसने किशोरी का गला दबाया था। इसके बाद हथौड़े से ताबड़तोड़ वार करते हुए उसे मार दिया और खुद भी जहर का सेवन कर लिया। परिजनों की तहरीर पर इस मामले में पुलिस ने किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के साथ हत्या की धाराओं में केस दर्ज किया है। साथ ही किशोरी के शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

ट्रेंडिंग वीडियो