बूंदी

कांग्रेस ने कलक्ट्रेट पर दिया धरना, सौंपा प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन

केंद्र सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ यहां कांग्रेस ने जिला कलक्ट्रेट पर गुरुवार को धरना दिया।

बूंदीNov 21, 2019 / 08:27 pm

पंकज जोशी

कांग्रेस ने कलक्ट्रेट पर दिया धरना, सौंपा प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन

बूंदी. केंद्र सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ यहां कांग्रेस ने जिला कलक्ट्रेट पर गुरुवार को धरना दिया। कांग्रेस ने सरकार पर देश की आर्थिक स्थिति कमजोर करने, बेरोजगारी की बढ़ती समस्या, कृषि में संकट पैदा करने का आरोप लगाया। कांग्रेस ने गांधी परिवार की एसपीजी सुरक्षा हटाने को लेकर भी कड़ा ऐतराज किया।
सुबह धरना शुरू हुआ, जिसमें जिलेभर से कांग्रेस के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए। यहां धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के परिणामस्वरूप देश आर्थिक संकट में आ गया। रोजगार सृजित करने में केंद्र सरकार पूरी तरह विफल हो गई। जिसकी वजह से युवाओं में बेरोजगारी की दर बढ़ गई। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहे। देश आपातकाल के हाल में पहुंच गया। पिछले छह वर्षों में जीडीपी दर सबसे निचले पायदान पर आ गई। वक्ताओं ने कहा कि कृषि के क्षेत्र में विकास दर वर्तमान समय में मात्र दो फीसदी रह गई। किसानों को लागत पर 50 फीसदी मुनाफा समर्थन मूल्य के तौर पर देने की बजाए भाजपा सरकार ने किसानों को बाजारी ताकतों के भरोसे छोड़ दिया। वर्तमान में खरीफ की फसलें समर्थन मूल्य से 8 से 37 प्रतिशत अर्थात औसतन 22.5 फीसदी कम मूल्य में बिक रही है। सरकार ने रबी फसलों के लिए घोषित समर्थन मूल्य में 4 से 7 प्रतिशत की नाममात्र वृद्धि की है और कृषि को पूरी तरह से बर्बाद करने के उद्देश्य से खाद पर पांच फीसदी, ट्रैक्टर एवं कृषि उपकरणों पर 12 फीसदी तथा कीटनाशक दवाइयों पर आठ फीसदी टैक्स लगा दिया।
कांग्रेस नेताओं ने गांधी परिवार की एसपीजी सुरक्षा हटाने का भी विरोध किया। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार की सुरक्षा के साथ समझौता किया जाना न सिर्फ अविवेकपूर्ण है वरन् अनैतिक भी है। बाद में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने कलक्ट्रेट पहुंचकर कलक्टर रुक्मणि रियार को प्रधानमंत्री के नाम का ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पूर्व मंत्री हरिमोहन शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष खिलाड़ीलाल बैरवा, महासचिव पूनम गोयल, प्रदेश सचिव महेश शर्मा, पूर्व जिला प्रमुख राकेश बोयत, पूर्व विधायक सी.एल. प्रेमी, पीसीसी सदस्य सत्येश शर्मा, जिला महासचिव बाबूलाल वर्मा, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष रूपकला मीणा, तालेड़ा ब्लॉक अध्यक्ष जगरूप सिंह रंधावा, शहर अध्यक्ष देवराज गोचर, महिला कांग्रेस प्रदेश सचिव आशा गुप्ता, नवैद केसर लखपति, अन्य पिछड़ा वर्ग जिलाध्यक्ष चेतराम नागर, टीकम जैन, तालेड़ा उपप्रधान अमित शर्मा रघु, संजय तम्बोली, चर्मेश शर्मा, ममता शर्मा, शैलेष सोनी आदि सहित कई जने मौजूद थे।

Home / Bundi / कांग्रेस ने कलक्ट्रेट पर दिया धरना, सौंपा प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.