बूंदी नगर परिषद पर भाजपा ने किया विरोध प्रदर्शन
भाजपा ने प्रदेश सरकार को घेरते हुए यहां नगर परिषद के बाहर सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा शहर मंडल के आह्वान पर भाजपा कार्यकर्ता यहां जुटे थे। शहर में विकास कार्य थमने के लिए कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराया। नगर परिषद आयुक्त को ज्ञापन सौंपा।

बूंदी नगर परिषद पर भाजपा ने किया विरोध प्रदर्शन
3 दिन के अल्टीमेटम के साथ भाजपा शहर मंडल ने रखी मांगें, नगर परिषद आयुक्त को दिया ज्ञापन
शहर के रुके विकास के लिए सरकार को ठहराया जिम्मेदार
बूंदी. भाजपा ने प्रदेश सरकार को घेरते हुए यहां नगर परिषद के बाहर सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा शहर मंडल के आह्वान पर भाजपा कार्यकर्ता यहां जुटे थे। शहर में विकास कार्य थमने के लिए कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराया। नगर परिषद आयुक्त को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया कि भाजपा पार्षदों के वार्ड में ऑर्डर जारी होने के बाद भी कार्य नहीं करवाकर पक्षपात किया जा रहा। ऐसे में शीघ्र काम शुरू करवाएं। चौमुखा बाजार व चूड़ी बाजार की सडक़ें शीघ्र ठीक करवाएं। कचरा संग्रहण एवं प्रबंधन में सुधार किया जाए। इसके लिए दोषी कार्मिकों के खिलाफ कार्रवाई हो। नगर परिषद की अनुमति के बिना कराए जा रहे कार्यों का लोकार्पण करने वालों के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज कराई जाए। मीरा गेट से शुक्ल बावड़ी तक की सडक़ ठीक करवाए। शहर में हो रहे अतिक्रमण को दूर किया जाए। महिलाओं के लिए नि:शुल्क परिवहन (टेम्पू) योजना फिर से शुरू की जाए। विकास नगर के दोनों पार्क व शहर के मुख्य पार्क टैरेस गार्डन व स्मृति कुंज की दशा देखरेख के अभाव में बिगड़ रही। ऐसे हालातों को सुधारा जाए। गार्ड व मालियों की व्यवस्था फिर से शुरू हो। नगर परिषद के कार्मिकों और सेवा निवृत कार्मिकों का भुगतान करवाया जाए। नया माटूंदा रोड पर मुक्तिधाम तक की पानी की पाइप लाइन तुरन्त ठीक कराया जाए। शहर में पिछले 8 माह में हुए कार्यों की जांच कराई जाए, इसमें बिना निविदाओं के कितने कार्य हुए। बिना निविदाओं के कराए कार्यों का भुगतान किसी भी सूरत में नहीं हो।
भाजपा जिलाध्यक्ष छीतरलाल राणा ने कहा कि यदि ज्ञापन में अंकित बिन्दुओं पर 3 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो भाजपा शहर मंडल उग्र आंदोलन करेगा। जिसकी जिम्मेदारी नगर परिषद प्रशासन की होगी। प्रदर्शन में भाजपा शहर अध्यक्ष महावीर खंगार, जिला महामंत्री सुरेश अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष रामबाबू शर्मा, परमिंदर सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष शौकीन चंद्र राठौर, महामंत्री संतोष कटारा, रमेश हाड़ा, मोहन कराड़, उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह हाड़ा, जिला मंत्री रजनी छाबड़ा, युवा मोर्चा अध्यक्ष तुषार पारीक, संजय भूटानी, राजेश शेरगढिय़ा, संजय शर्मा, हरिप्रसाद बैरवा, हरिओम मेघवंशी, संजय पांडे, ओबीसी मोर्चा जिला महामंत्री सुरेश चौधरी, प्रेम जागिड़, माया गोस्वामी, पेंशु सिंह, नंदलाल सैनी आदि मौजूद थे।
आयुक्त को सौंपी चूडिय़ां
महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने आक्रोश जताया और आयुक्त को चूडिय़ां सौंपी। उन्होंने शहर में होने अवैध निर्माण मामले में नगर परिषद की चुप्पी पर आक्रोश जताया।
कांग्रेस ने बताया ढकोसला
प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य सत्येश शर्मा ने कहा कि गत 5 वर्षों में भाजपा शासित नगर परिषद ने जो दुर्दशा शहर की बनाई, वह किसी से छुपी हुई नहीं। भ्रष्टाचार का खुला तांडव कर शहर को नर्क में धकेलने का काम किया। अब भाजपा नेता प्रदर्शन कर क्या साबित कर रहे। कांग्रेस के निवर्तमान नेता प्रतिपक्ष लोकेश ठाकुर ने मौका परस्त राजनीति की भावना से किया गया जगहंसाई का प्रदर्शन बताया। ठाकुर ने कहा कि भाजपा नेता आगामी नगर परिषद चुनाव में माहौल बनाने के उद्देश्य से शहर की जनता को गुमराह करने का काम कर रहे।
अब पाइए अपने शहर ( Bundi News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज