scriptअंधड़ के साथ बरसात, खरीद केन्द्रों पर भीगी जिंसे, किसान मायूस | Bundi Rajasthan News, Bundi News, Purchase Center, Commodity, Rain, Bl | Patrika News

अंधड़ के साथ बरसात, खरीद केन्द्रों पर भीगी जिंसे, किसान मायूस

locationबूंदीPublished: Jun 15, 2020 11:37:37 am

Submitted by:

Narendra Agarwal

क्षेत्र के कई गांवों में रविवार शाम को तेज अंधड़ से कई घरों के टीन टप्पर उड़ गए। वहीं कई पेड़ उखड़ गए। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत टोकडा के सुखपुरा में बवंडर आने से एक घर में लगे चद्दर काफी दूर तक उड़ गए।

अंधड़ के साथ बरसात, खरीद केन्द्रों पर भीगी जिंसे, किसान मायूस

अंधड़ के साथ बरसात, खरीद केन्द्रों पर भीगी जिंसे, किसान मायूस

हिण्डोली. क्षेत्र के कई गांवों में रविवार शाम को तेज अंधड़ से कई घरों के टीन टप्पर उड़ गए। वहीं कई पेड़ उखड़ गए। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत टोकडा के सुखपुरा में बवंडर आने से एक घर में लगे चद्दर काफी दूर तक उड़ गए। वहीं गांव में कई बबूल के पेड़ भी उखड़ गए। इसके अलावा ग्राम पंचायत सहसपुरिया में भी बवंडर से पेड़ गिरने की जानकारी है।
पेच की बावड़ी. कस्बे के राजीव गांधी सेवा केंद्र पर लगे समर्थन मूल्य गेहूं खरीद केंद्र पर शनिवार देर रात बरसात से खुले में रखे करीबन 3644 गेहूं भरे कट्टे भीग गए। जिनमें रविवार सुबह तक पानी भरा मिला। पूर्व सरपंच बाबूलाल मीणा ने बताया कि ढकान की व्यवस्था व समय पर लदान नहीं होने से बरसात से गेहंू खराब हो रहे हैं। ग्राम सेवा सहकारी समिति व्यवस्थापक राजकुमार शर्मा ने बताया कि समय पर कट्टों का लदान नहीं होने से कट्टे खुले में पड़े हैं और रात्रि को बरसात में भीग रहे हैं।
गोठड़ा. कस्बे सहित आसपास के गांवों में रविवार दोपहर बाद करीब आधा घंटे तक तेज हवा के साथ जोरदार बारिश हुई। इसी प्रकार ग्राम मेण्डी, रूणीजा ,दुर्गापुरा आदि गांवों में भी झमाझम बारिश हुई।
बांसी. कस्बे सहित क्षेत्र में रविवार को सुबह से ही उमस व गर्मी के बाद दोपहर को करीब आधा घण्टे बरसात हुई।
भण्डेड़ा. कस्बे सहित क्षेत्र में रविवार को तेज हवा के साथ बरसात शुरू हुई। आधे घंटे तक बरसात होने से गर्मी से राहत मिली।
भण्डेड़ा. कस्बे सहित क्षेत्र में रविवार सुबह से ही उमस व गर्मी से जनजीवन प्रभावित रहा। दोपहर डेढ़ बजे बाद हवा के साथ बरसात शुरू हुई। बरसात के बाद तीन बजे बांसी के निकट बूंदी मार्ग पर रपट पर आए पीली का खाळ में बरसाती पानी से बांसी-बूंदी मार्ग 15 मिनट के लिए बंद हो गया व सडक़ पर दोनों तरफ राहगीरों की भीड़ लग गई।
खटकड़. कस्बे सहित आस पास के गांवों में शनिवार को आधी रात को अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हुई, जो करीब 1 घण्टे तक चली। इससे सडक़ों पर पानी बह निकला। बारिश के चलते गेहंू खरीद केंद्र पर गेहंू के कट्टे भीग गए।

समर्थन मूल्य खरीद केन्द्र पर भीगा चना, किसानों को हुआ नुकसान
देई. कृषि उपज मंडी देई में संचालित चना सरसों समर्थन मूल्य खरीद केन्द्र पर रविवार को बरसात से किसानों का चना भीग गया। जिससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ा। जानकारी के अनुसार खरीद केन्द्र पर पिछले तीन दिन से किसान अपने चने बेचने के लिए आए थे। रजलावता निवासी किसान कान्हा, डोकून निवासी मनराज नागर ने बताया कि यहां पर मंडी प्रशासन द्वारा तिरपाल उपलब्ध नहीं करवाया गया। वहीं चना भीगने के बाद तुलाई से मना कर दिया गया। जिससे भीगा हुआ चना वापस लेकर जाना पड़ा व तुलाई के लिए चना कम पड़ गया। इससे नुकसान उठाना पड़ा। इस बारे में नैनवां क्रय विक्रय सहकारी समिति प्रबंधक कमलेश जैन ने बताया कि कृषकों से जिंस की सुरक्षा के लिए तिरपाल की व्यवस्था करने की अपील की गई है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो