scriptराशि नहीं मिली तो थम गई विकास की गति | If the amount is not received then the pace of development stops | Patrika News

राशि नहीं मिली तो थम गई विकास की गति

locationबूंदीPublished: Nov 29, 2019 03:50:29 pm

Submitted by:

Devendra

केंद्रीय एवं राज्य सरकार की ओर से आंवटित राशि की दूसरी किस्त ग्राम पंचायतों को नहीं मिलने से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

राशि नहीं मिली तो थम गई विकास की गति

राशि नहीं मिली तो थम गई विकास की गति

गोठड़ा. केंद्रीय एवं राज्य सरकार की ओर से आंवटित राशि की दूसरी किस्त ग्राम पंचायतों को नहीं मिलने से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायतों को हर साल विकास कार्यो के लिए यह राशि दी जाती है। दोनों सरकारों से प्राप्त राशि कई दिनों से पंचायत समितियों में पड़ी है। इसके बावजूद ग्राम पंचायतों को नहीं दी जा रही है। ग्राम पंचायतों को साल में दो बार या तीन बार केंद्र की ओर से १४वां वित्त आयोग एफ.एफ.सी एवं इसी प्रकार राज्य सरकार द्वारा स्टेट वित्त आयोग एस.एफ.सी. के मद के रूप में मिलने वाली दूसरी किश्त की राशि जारी नहीं हो रही है। हिण्डोली ब्लॉक में करोड़ों रुपए का भुगतान अटका हुआ है।
जनसंख्या के आधार पर मिलता फंड
जानकार सूत्र बताते है कि ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों के लिए एफ.एफ.सी. एवं एसए.फ.सी. राशि ग्राम पंचायतों में निवास करने वाली कुल जनसंख्या के आधार पर खातों में हस्तातंरित की जाती है। हिण्डोली ब्लॉक में स्थित करीब ४३ ग्राम पंचायतों में से ग्राम पंचायत हिण्डोली एवं ग्राम पंचायत गोठड़ा को दोनों मदों की राशि के मामले में शीर्ष पर है। अन्य छोटी ग्राम पंचायतों को सालाना विकास कार्यों के लिए २० से ३० लाख रुपए जारी किए जाते है।
अबकी बार पंचायत समिति ने रोकी राशि
जानकारी के अनुसार कुछ सालों से एफएफसी एवं एसएफसी मद से मिलने वाली राशि सीधे ग्राम पंचायतों के खातों में जमा हो जाया करती थी, लेकिन अभी हाल ही में राज्य सरकार ने एक आदेश के द्वारा अब दोनों मदों की राशि पंचायत समिति के माध्यम से ग्राम पंचायतों को जारी करने के निर्देश दिए है। जिसके कारण सरपंच राशि जारी करवाने को लेकर कई बार पंचायत समिति कार्यालय के चक्कर काट चुके है।
-दोनों मदों के रूप में ग्राम पंचायतों को मिलने वाली राशि जारी नहीं होने से पूर्व में स्वीकृत विकास कार्य अटके हुए हैँ। कुछ ग्राम पंचायतों में पूर्व में करवाए गए कार्यों का भुगतान भी बकाया चल रहा है।
बाबूलाल सैनी, सरपंच गोठड़ा, प्रभुलाल गुर्जर, सरपंच छाबडिय़ों का नयागांव
-दोनों योजनाओं की राशि को पंचायत समिति की ओर से ग्राम पंचायतों को जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शीघ्र ही दोनों योजनाओं की राशि ग्राम पंचायतों के खातों में जमा करवा दी जाएगी।
ममता गुर्जर, प्रधान, पंचायत समिति हिण्डोली
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो