बूंदी

कांग्रेस विधायक के क्षेत्र में कांग्रेस नहीं कर पाए बंद

कांग्रेस के हिण्डोली नैनवां विधानसभा क्षेत्र से विधायक व प्रदेश युवक कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चांदना महंगाई के विरोध में राजधानी में विरोध प्रदर्शन करते आए हैं।

बूंदीSep 10, 2018 / 09:34 pm

Nagesh Sharma

कांग्रेस विधायक के क्षेत्र में कांग्रेस नहीं कर पाए बंद

बाजारों में नहीं पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता
लोगों में रही दिनभर चर्चा
नैनवां. कांग्रेस के हिण्डोली नैनवां विधानसभा क्षेत्र से विधायक व प्रदेश युवक कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चांदना महंगाई के विरोध में राजधानी में विरोध प्रदर्शन करते आए हैं। लेकिन सोमवार को कांगे्रस के आह्वान पर कराए गए भारत बंद में विधायक चांदना के विधानसभा क्षेत्र नैनवां में ही कांगे्रस पदाधिकारी बंद कराने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। जबकि नैनवां में कांग्रेस के नौ पार्षद, युवक कांग्रेस के तीन प्रदेश सचिव सहित दो दर्जन से अधिक जिला व ब्लॉक कांग्रेस में पदाधिकारी हैं। इसके बावजूद नैनवां में पुरजोर तरीके से बंद नहीं हुआ। इसके अलावा जिले के लगभग सभी हिस्सों में दोपहर तक बाजार बंद रहे। नैनवां में कुछ कांगे्रस कार्यकर्ता खानापूर्ति करते हुए उपखंड अधिकारी कार्यालय पर पहुंचे। जहां ज्ञापन देकर जिम्मेदारी पूरी कर ली। पूरे देश में कांगे्रस पदाधिकारी बीते दो दिन से बंद का ऐलान कर रहे हैं। लेकिन नैनवां में कांग्रेस की ओर से बंद का कोई ऐलान नहीं किया गया। ना ही कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता सोमवार को बंद कराने के लिए पहुंचे। कस्बे में दिनभर यही चर्चा रही कि विधायक जयपुर में तो प्रदर्शन कर रहे हैं। लेकिन उनके क्षेत्र में कांगे्रस कार्यकर्ता बंद के लिए आगे ही नहीं आए। हालात यह रहे कि दुकानदार कांगे्रस कार्यकर्ताओं से पूछते रहे कि बंद है क्या। फिर भी दुकानदारों ने पहले तो अपनी दुकानें नहीं खोली, लेकिन दस बजे तक भी कोई कांग्रेस कार्यकर्ता बंद कराने नहीं आया, तो दुकानदारों ने अपनी दुकानें खोल ली।
पदाधिकारियों की जुबानी
नैनवां शहर कांग्रेस अध्यक्ष भारतभूषण गौतम का कहना है कि दुकानदारों से अनुरोध तो किया था। लेकिन किसी ने भी दुकानें बंद नहीं की। इधर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ओमप्रकाश जैन का कहना है कि बाहर थे इसलिए तैयारी नहीं कर पाए।

मंहगाई के विरोध में सफल रहा बंद
केशवरायपाटन. महंगाई के विरोध में सोमवार को कांगे्रस के आह्वान पर बंद रहा। बाजार में दुकानें बंद रही, जिससे सन्नाटा पसरा रहा। कस्बे में सुबह से ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बाजारों को बंद करवाना शुरू कर दिया। बंद के दौरान कुछ व्यापारियों ने दुकानें बंद नहीं की। इस पर कांगे्रस कार्यकर्ताओं व एक व्यापारी के बीच विवाद हो गया। पुलिस ने बीच बचाव कर मामला शांत करवाया। बंद के दौरान लोगों को आवश्यक वस्तुओं के लिए परेशान होना पड़ा। हालांकि दोपहर दो बजे बाद बाजार खुल गए थे। इस दौरान कांगे्रस जिलाध्यक्ष सी.एल. प्रेमी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मुरली मीणा, नगर अध्यक्ष बद्रीलाल नागर, ओबीसी जिलाध्यक्ष चेतराम नागर, पार्षद पंकज पाण्डे, सुनिता गुप्ता सहित कई कार्यकर्ताओं ने कस्बे में नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला। केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। वहीं कोटा लाखेरी मार्ग पर प्राइवेट बस मालिकों ने बसों का संचालन बंद रखा। बसों का संचालन नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
….
देईखेड़ा. कांग्रेस के आह्वान पर देईखेड़ा मेगा हाइवे के मुख्य बस स्टैण्ड पर प्रधानमंत्री के पुतले को लेकर कांगे्रस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस विधानसभा महासचिव अशोक मीना, कांग्रेस अध्यक्ष प्रहलाद प्रतिहार के नेतृत्व में मोटरसाइकिलों पर कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली, नारे लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।

Home / Bundi / कांग्रेस विधायक के क्षेत्र में कांग्रेस नहीं कर पाए बंद

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.