बूंदी

सभा स्थल का लिया जायजा, दिए दिशा निर्देश

मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की १७ सितम्बर को बूंदी के हायर सैकंडरी स्कूल के खेल मैदान में दोपहर २ बजे सभा होगी।

बूंदीSep 12, 2018 / 10:49 pm

Devendra

सभा स्थल का लिया जायजा, दिए दिशा निर्देश

-हायर सैकंडरी स्कूल परिसर में होगी मुख्यमंत्री की सभा
बूंदी. मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की १७ सितम्बर को बूंदी के हायर सैकंडरी स्कूल के खेल मैदान में दोपहर २ बजे सभा होगी। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर पुलिस परेड ग्रांउड में उतरेगा। यहां से सीधे मुख्यमंत्री सभा में पहुंचेंगी। बुधवार को सरकार के मंत्रियों ने सभा स्थल का जायजा लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। वहीं पार्किंग स्थल के लिए खेल संकुल व पुलिस परेड ग्रांउड देखा। शिक्षा मंत्री वासुदेव देवनानी, मंत्री हेम सिंह भड़ाना व प्रदेश उपाध्यक्ष प्रहलाद पंवार ने तैयारियों का जायजा लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान सांसद निहालचन्द मेघवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष महिपत सिंह हाड़ा, विधायक अशोक डोगरा, सभापति महावीर मोदी, भाजपा जिला महामंत्री शक्ति सिंह आसावत, भाजयुमो जिलाध्यक्ष लोकेश शर्मा, के. पाटन प्रधान प्रशांत मीणा आदि मौजूदथे। इसके बाद मंत्री ने सर्किट हाऊस में अधिकारियों की बैठक भी ली।
हिंडोली. मुख्यमंत्री की गौरव यात्रा की तैयारी को लेकर बुधवार को शिक्षा मंत्री, सांसद सहित कई नेताओं ने हिंडोली कस्बे में हेलीपेड पर सभा स्थल का जायजा लिया। मंत्री देवनानी उपाधीक्षक कार्यालय के पास बनाए जा रहे हेलीपेड पर पहुंचे, जहां उन्होंने तैयारियों का जायजा लिया। मंत्री ने वहां से स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल पहुंचकर हेलीपेड के लिए जगह देखी। इसके बाद हिण्डोली में कार्यकर्ताओं से चर्चा की। जिस पर कार्यकर्ताओं ने उपअधीक्षक कार्यालय के पास हेलीपेड बनाने पर सहमति दी। बाद में गणेश बावड़ी स्टेडियम पहुंचकर सभा स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष महिपत सिंह हाड़ा, भाजपा मंडल अध्यक्ष ओम भगवती सिंह सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे।
शिक्षामंत्री ने सभा स्थल का लिया जायजा
केशवरायपाटन. केशवरायपाटन स्थित कृषि उपज मण्डी समिति परिसर में मुख्यमंत्री के बनाए गए सभा स्थल का बुधवार को शिक्षामंत्री वासुदेव देवनानी ने जायजा लिया। उनके साथ सांसद निहालचंद, संसदीय सचिव अशोक प्रकाश, भाजपा राज्य सफाई आयोग अध्यक्ष गोपाल पचेरवाल, नगर अध्यक्ष बाबूसिंह जादौन व पंचायत समिति प्रधान प्रशांत मीणा सहित अन्य पदाधिकारी थे। मंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं से भी चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

घर-घर से लोगों को साथ लाने का आह्वान
लाखेरी. भाजपा मंडल की बैठक बुधवार को कस्बे के चुंगीनाका सामुदायिक भवन में हुई। जिसकी अध्यक्षता संसदीय सचिव ओमप्रकाश उंडला ने की। संसदीय सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री की गौरव यात्रा जिले में १७ सितम्बर को केशवरायपाटन से शुरू होगी। मंडल की ओर से कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक संख्या में केशवरायपाटन पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने पदाधिकारियों से घर-घर से लोगों को साथ लेकर आने का आह्वान किया। इस दौरान पालिकाध्यक्ष कुसुमलता महावर, मंडल अध्यक्ष परमानंद सैनी सहित कई लोग मौजूद थे।

Home / Bundi / सभा स्थल का लिया जायजा, दिए दिशा निर्देश

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.