7 दिसंबर 2025,

रविवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

हेलिकॉप्टर से आएगी रामगढ़ विषधारी की रानी

बूंदी. रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में शीघ्र ही मध्यप्रदेश के सिवनी स्थित पेंच टाइगर रिजर्व क्षेत्र से बाघिन लाई जाएगी। इसके लिए प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व क्षेत्र के उप वन संरक्षक संजीव शर्मा ने बताया कि इन दिनों पेंच टाइगर रिजर्व क्षेत्र की टेरीटरी से बाहर दो बाघिन घूम रही है

2 min read
Google source verification
हेलिकॉप्टर से आएगी रामगढ़ विषधारी की रानी

बूंदी. रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व।

बूंदी. रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में शीघ्र ही मध्यप्रदेश के सिवनी स्थित पेंच टाइगर रिजर्व क्षेत्र से बाघिन लाई जाएगी। इसके लिए प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व क्षेत्र के उप वन संरक्षक संजीव शर्मा ने बताया कि इन दिनों पेंच टाइगर रिजर्व क्षेत्र की टेरीटरी से बाहर दो बाघिन घूम रही है, इन दो में से ही एक बाघिन को रामगढ़ विषधारी क्षेत्र में लाया जाएगा। दूरी अधिक होने के कारण बाघिन को हेलीकॉटर से लाया जाएगा। इसके लिए आर्मी के हेलिकॉप्टर का उपयोग किया जाएगा। इस संबंध में आर्मी अधिकारियों से बात भी की गई है। जैसे ही बाघिन को ट्रेंकुलाइज किया जाएगा, उसके चार घंटे में बाघिन को रामगढ़ विषधारी क्षेत्र लाया जाएगा।

धीरे-धीरे बढ़ रहा कुनबा
टाइगर रिजर्व को 16 मई 2022 में टाइगर रिजर्व का दर्जा हासिल हुआ। आरवीटी-1 नर बाघ (रणथंभौर का टी-115) खुद प्राकृतिक रूप से चलकर जून 2020 में रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में आया । वहीं आरवीटी-2 बाघिन (रणथंभौर की टी-102) 16 जुलाई 2022 को रामगढ़ के शॉफ्ट एनक्लोजर में छोड़ी गई। इसे 31 अगस्त 2022 को खुले जंगल में छोड़ा गया था, जिसका गत दिनों कंकाल मिला था। इस बाघिन द्वारा तीन शावक को जन्म दिया गया था, जिसमें से एक जीवित नहीं रहा तथा दो मादा शावक बिना मां जंगल में विचरण कर रही है, जो अब करीब दो साल की होने को है। एवं शिकार करना सीख गई है। आरवीटी-3 बाघिन (रणथंभौर की टी-119) अगस्त 2023 में रामगढ़ में छोड़ी गई। इस बाघिन के भी गत माह शावकों को जन्म देने की जानकारी हैै लेकिन अभी तक अधिकारियों ने पुष्टि नहीं की है। गत माह सरिस्का टाइगर रिजर्व से हरियाणा पंहुचे बाघ को रामगढ़ में आरवीटी 4 के रूप में शिफ्ट किया गया जो अभी शॉफ्ट एनक्लोजर में है।

जंगल में बनाएंगे हेलीपेड
उप वन संरक्षक संजीव शर्मा ने बताया कि बाघिन को हलिकॉप्टर से लाने के लिए बूंदी धान मंडी के अलावा जंगल परिसर में हेलीपेड बनाए जाने का विकल्प रखा गया है। सुरक्षा की ²ष्टि से संभवतया जंगल परिसर में ही हेलीकॉप्टर के लिए हेलीपेड बनाया जाएगा। वहीं बाघिन आने के बाद रामगढ़ विषधारी क्षेत्र का कुनबा भी बढ़ जाएगा।

बाघ-बाघिन की सख्या हुई छह
नए बने रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व में एक पखवाड़े पहले बाघ के शिफ्ट होते ही एक साल बाद फिर बाघों की संख्या 6 हो गई है। अब इस टाइगर रिजर्व में 3 नर व तीन मादा बाघिन हो गई है जिनमें दो नर व एक मादा वयस्क बाघ है जबकि एक नर व दो मादा बाघिन युवा होते शावक है। गत वर्ष जुलाई माह में भी तीन शावकों सहित आधा दर्जन बाघ बाघिन थे।