scriptमुलायम का मिला साथ तो समाजवादी लोकदल बनाएंगे शिवपाल, नहीं तो थामेंगे कांग्रेस का हाथ | Shivpal Singh Yadav may join Congress or create Samajwadi Lok Dal news | Patrika News

मुलायम का मिला साथ तो समाजवादी लोकदल बनाएंगे शिवपाल, नहीं तो थामेंगे कांग्रेस का हाथ

locationलखनऊPublished: Jan 17, 2018 01:32:23 pm

शिवपाल सिंह ने कहा कि वे फरवरी में अपनी आर-पार की लड़ाई का ऐलान करेंगे…

Shivpal Singh Yadav may join Congress or create Samajwadi Lok Dal news

मुलायम का मिला साथ तो समाजवादी लोकदल बनाएंगे शिवपाल, नहीं तो थामेंगे कांग्रेस का हाथ

लखनऊ. उत्तर प्रदेश की पूर्ववर्ती समाजवादी सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री, जसवंतनगर से विधायक और अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल सिंह यादव ने अपने सियासी भविष्य को लेकर एक बार फिर बहुत बड़ा बयान दिया है। शिवपाल सिंह ने बेहद बगावती अंदाज में कहा कि वे फरवरी में अपनी आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर सकते हैं। शिवपाल के इस बयान के बाद समाजवादी पार्टी में एक बार फिर हलचल मच गई है।
फरवरी में नए प्लान का ऐलान

शिवपाल सिंह ने दो टूक शब्दों में कहा कि अब वह और ज्यादा दिनों तक इंतजार करने वाले नहीं। फरवरी में वह अपने अगले प्लान का ऐलान करेंगे। शिवपाल सिंह ने बेहद समसनीखेज बयान देते हुए कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव ने अगर उनके साथ खड़े हुए तो वह समाजवादी लोकदल के नाम से नई पार्टी बनाएंगे। साथ ही अगर नेताजी साथ नहीं आए तो वह कांग्रेस में भी शामिल हो सकते हैं।
नई पार्टी या कांग्रेस में होंगे शामिल

शिवपाल ने कहा कि मुलायम सिंह के साथ आने पर वे समाजवादी लोकदल के नाम से नई पार्टी बनाएंगे और अपने पुराने समाजवादी साथियों को एकसाथ लेकर आएंगे। वहीं अगर नेताजी साथ नहीं आते तो वे कांग्रेस पार्टी भी ज्वाइन कर सकते हैं। शिवपाल ने कहा कि इस संबंध में उनकी बातचीत कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी , प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर और कांग्रेस के बाकी सीनियर नेताओं से चल रही है।
अब और इंतजार नहीं

शिवपाल सिंह ने आगे बोलते हुए कहा कि अब वे इससे ज्यादा इंतजार नहीं कर सकते। बीते दिनों मैंने अपने और पराय लोगों को काफी नजदीक से देख लिया है। शिवपाल ने कहा कि वे समाजवादी पार्टी को जितना समय दे सकते थे, उतना दे चुके हैं। अब वे अपना सियासी भविष्य तय करेंगे। शिवपाल ने कहा कि भले ही मुलायम सिंह यादव उनके साथ न आएं, लेकिन पर उनका आशीर्वाद हमेशा मेरे साथ बना रहेगा। हम नेताजी के साथ हमेशा खड़े रहेंगे।
दिखाएंगे अपनी ताकत

दरअसल शिवपाल सिंह मंगलवार को जिला जेल का निरीक्षण करने गए थे। जेल का निरीक्षण करने के बाद शिवपाल सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में ये सारी बातें कहीं। शिवपाल ने कहा कि वह अपने लोगों से इस संबंध में सलाह ले रहे हैं।सबसे बात करने के बाद वे तय करेंगे कि अब उन्हें आगे क्या करना है। लेकिन हर हाल में वह फरवरी में अपने नए सियासी भविष्य को लेकर बड़ा ऐलान कर देंगे। शिवपाल ने कहा कि अब सभी को हम अपनी ताकत दिखाएंगे।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो