बुरहानपुर. मई माह शुरू होते ही अब और सूरज के तेवर तल्ख हो गए। दोपहर में झुलसाने वाली धूप है। बढ़ती गर्मी बेचैन कर रही है। सूर्योदय के साथ ही मौसम में तपिश बढ़ जाती है। राजस्थान से लगातार गर्म शुष्क हवा आ रही है, पारा उछाल मार रहा है। मंगलवार को नेपानगर मिल से मिली जानकारी के मुताबिक अधिकतम 45 डिग्री का पारा दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम 27 डिग्री रहा।
पिछले तीन दिन से पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है। पश्चिमी गर्म हवा के साथ ही उत्तर से भी हवा आ रही है। उत्तरी हवा के कारण रात में गर्मी से कुछ राहत मिल रही है। मंगलवार को सूरज गर्म तेवरों के साथ निकला है और सुबह 10 बजे से ही गर्म हवाओं के थपेड़े लोगों को परेशान करने लगे। हालांकि अच्छी बात ये है कि अभी रातों को राहत है, रात 11 बजे के बाद से थोड़ी राहत महसूस होने लगती है।
लू जैसे गर्म हवा के थपेड़े
राजस्थान से हीट वेव लगातार आ रही है। उत्तर.पश्चिमी हवा 2 किमी प्रतिघंटा की औसत गति से चली। दोपहर में हवा गर्म होकर लू के थपेड़ों जैसी महसूस हो रही है। इस गर्म हवा बचने की जानकार नसीहत दे रहे हैं। जरूरत ना होने पर दोपहर के समय बाहर ना निकलें। निकलने पर सिर और चेहरे को सूती के कपड़े से अच्छे से ढंककर रहे। पानी लगातार पीते रहें।