बुरहानपुर

हिंदुस्तान के पहले हिंद केसरी के जीवन पर बनेगी फिल्म

निमाड़ के फिल्मकार बनाएंगे फिल्म, नेपानगर के रामचंद्र केसरी ने1958 में जीता था प्रथम हिंद केसरी का खिताब, बताएंगे अखाड़े की मिट्टी का  महत्व

बुरहानपुरAug 23, 2017 / 09:36 pm

ranjeet pardeshi

A Film on First Hind Kesari Ramchandra Babu

बुरहानपुर. नेपानगर के 85 साल के रामचंद्र बाबू ने 1958 में हिंदुस्तान का प्रथम हिंद केसरी का खिताब जीत था। देशभर में नाम रोशन करने वाले केसरी की रीयल लाइफ को लोग अब बड़े पर्दे पर देखेंगे। इनके जीवन पर जल्द एक फिल्म बनने जा रही है, जो दो घंटे की होगी। इसकी शूटिंग बुरहानपुर, खंडवा और इंदौर में होगी।
डायरेक्टर मुकेश चौकसे ने बताया कि रामचंद्र केसरी पर वे एक फिल्म बना रहे हैं। इसमें 26 पहलवान फिल्म में भूमिका निभाएंगे। ये पहलवान बुरहानपुर, इंदौर व पंजाब के होंगे। फिल्म में रामचंद्र केसरी के जीवन से लेकर उनके 85 साल तक के जीवनकाल को बताया जाएगा। फिल्म में छह गाने रहेंगे, जो रिटायर्ड डिप्टी कलेक्टर सूरज नागर ने लिखे हैं। फिल्म में शक्ति कपूर, प्रेम चोपड़ा को भी आमंत्रित किया है। अगले माह से इसकी शूटिंग शुरू होगी, छह माह में यह फिल्म बनकर तैयार होगी। फिल्म में विशेषकर लाल मिट्टी का महत्व बताएंगे जहां वर्जिश कर किस तरह पहलवान बना जाता है।
ज्ञानीराम पहलवान को हराया था
हिंद केसरी भारतीय शैली की राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप है। यह एआईएडब्ल्यूएफ यानी ऑल इंडिया एमेच्योर रेसलिंग फेडरेशन से संबद्ध है। 1958 में इसकी शुरुआत हुई और 1 जून 1958 को पहली स्पर्धा हैदराबाद के गोसा महल स्टेडियम में हुई। यहां थल सेना के नामचीन पहलवान ज्ञानीराम को मात्र सात मिनट में पटखनी देते हुए हिंद केसरी का खिताब जीता था। कर्नाटक के गवर्नर के हाथों उन्होंने15 किलो वजनी चांदी का गदा पुरस्कार के रूप में दिया था, जो आज भी इनके पास में हैं। रामचंद्र बाबू ने बताया कि उनकी हाइट 5 फीट 9 इंच है।
250 से ज्यादा कुश्तियां लड़ीं
रामचंद्र पहलवान ने 1950 से 1965 तक 250 से ज्यादा कु श्तियां लड़ीं। 1992 तक नेपानगर की कागज मिल के अखाड़े में पहलवानों को कुश्ती के दांवपेच सिखाए। करीब 40 साल के पहलवानी जीवन में उन्होंने छोटे-बड़े 100 से ज्यादा पहलवान तैयार किए। रामचंद्र के पिता बाबूलाल और दादा भाऊलाल भी पहलवान थे। रामचंद्र की पत्नी सीताबाई केसरी हैं। इनके पांच पुत्र है, राजेंद्र, महेंद्र, विजय, अजय, सुनील केसरी। पहलवान के सभी बच्चे नौकरी करते हैं।
महाभारत में बनाना था भीम
रामचंद्र को प्रसिद्ध फिल्म निर्माता बीआर चोपड़ा ने प्रसिद्ध टीवी सीरियल महाभारत में भीम के रोल के लिए चयन किया था, लेकिन जिस दिन उन्हें मुंबई पहुंचना था, उससेएक दिन पहले ही उनके पिता का देहांत हो गया। इसके चलते वे मुंबई नहीं जा सके।
 

 

Home / Burhanpur / हिंदुस्तान के पहले हिंद केसरी के जीवन पर बनेगी फिल्म

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.