बुरहानपुर

कुओं की मरम्मत पर खर्च करेंगे पांच करोड़ : चिटनीस

मंत्री अर्चना चिटनीस ने कहा पानी की स्थिति को देखते हुए कड़े कदम उठाना जरूरी है। पीएम आवास योजना में जो मकान नए स्वीकृत होंगे, उनका काम वर्षाकाल बाद ह

बुरहानपुरFeb 26, 2018 / 01:02 am

ranjeet pardeshi

Five crore will spend on repairing wells: Minister

बुरहानपुर. गर्मी में पेयजल संकट से निपटने के लिए तैयारियां शुरू हो गई है। रविवार को नगर निगम में हुई बैठक में शहरी क्षेत्र के साथ ग्रामीण अंचलों में पानी की वर्तमान स्थिति को लेकर चर्चा हुई। जहां पेयजल समस्या के निराकरण के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। पीएम आवास योजना में नए स्वीकृत मकानों पर रोक लगा दी है। अब यह बारिश के मौसम में ही स्वीकृत किए जाएंगे। पानी बचाने के लिए वार्ड समितियां गठित की जाएगी। साथ ही कुओं के मरम्मत के लिए भी पांच करोड़ स्वीकृति कराने पर मंत्री ने आश्वस्त किया।
महिला बाल विकास मंत्री अर्चना चिटनीस ने कहा कि पानी की वर्तमान स्थिति को देखते हुए संरक्षण व कड़े कदम उठाना जरूरी है। पीएम आवास योजना में जो मकान नए स्वीकृत होंगे, उनका काम वर्षाकाल बाद ही शुरू कराया जाएगा। जिससे पानी की दिक्कत न हो। हमारी पहले प्राथमिकता लोगों को पेयजल उपलब्ध कराना है। सामंजस्य बनाने के लिए वार्ड समितियों का निर्माण करें। एक बार यह समितियां सक्रिय हो गई, तो निगम को बड़ा फायदा होगा। पानी के संकट से निपटने के लिए सबसे अच्छा उपाए कुए है। कुओं की मरम्मत व गहरीकरण के लिए जल्द ही पांच करोड़ रुपए की स्वीकृति मिल जाएगी। चिन्हित ७१ कुओं का सुधार कार्य होगा। निगमायुक्त पवनसिंह ने कहा कि शहर में ४२ टयूबवेल हुए, इसमें से ३२ में पानी निकला है। इन्हें जल्द ही सप्लाय लाइन से जोड़ा जाएगा।
जल जागरण रैलियों से करेंगे लोगों को जागरूक
मंंत्री ने कहा लोगों में जागरुकता के लिए जल जागरण रैलियां निकाली जाएंगी। इसकी शुरुआत ग्राम संग्रामपुर से होगी। एनजीओ व अन्य संस्थाओं को जोड़कर भजन, नाटक व अन्य गतिविधियों से जल बचाने के लिए जागरुक किया जाएगा। पीएचई के अधिकारियों ने ग्रामीण अंचलों में पानी की समस्या की जानकारी दी। इच्छापुर में ८ इंच के दो ट्यूबवेल खनन, बिरोदा, फोपनार व बंभाड़ा में जलसंकट से निपटने के लिए धनराशि जारी करने आदि की जानकारी दी।
वीडियो दिखाकर बताया कैसे हो रहा पानी बर्बाद
बैठक में मंत्री चिटनीस ने प्रोजेक्टर पर शहर में हो रहे पानी अपव्यय की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह वीडियो शहर में आज सुबह ही बनाया है। इसमें साफ दिख रहा है कि लोग पानी बचाने के लिए चिंतित नहीं है। कई लोग आधे-आधे घंटे तक वाहनों को ही पानी से धोते नजर आते है। इसके लिए निगम को सख्त होकर कार्रवाई करना होगी। निगम ऐसे वीडियो बनाए और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को जागरुक करें।
निगम आरओ प्लांट की योजना बनाए
कलेक्टर दीपकसिंह ने कहा कि लोग साफ पानी के लिए आरओ और बोतलों का पानी उपयोग करते हैं। नगर निगम आरओ प्लांट लगाने की योजना बनाए और रियायती दरों पर लोगों को पानी उपलब्ध करा सकता है। बड़े शहरों में नदी के पास प्लांट लगाकर संबंधित निकाय लोगों को पानी देता है। निगम भी नो प्राफिट नो लोस के तहत सस्ती दरों पर लोगों को अच्छा पानी सप्लाय कर सकता है। इसमें एनजीओ व अन्य लोगों की भी सहायता ली जा सकती है।
बैठक में इन मुद्दों पर हुई चर्चा
शहर में मीठा-खारा पानी मिक्स कर सप्लाय करें
पानी का अपव्यय रोकने के लिए जागरुकता जरूरी
समाजसेवी संगठनों से चर्चा कर प्याउ शुरू कराए
वार्ड में दो हजार लीटर की टंकी उपलब्ध कराए
घरेलू उपयोग के लिए एक ही स्थान से टैंकर भरने।

Home / Burhanpur / कुओं की मरम्मत पर खर्च करेंगे पांच करोड़ : चिटनीस

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.