बुरहानपुरPublished: Feb 23, 2023 07:07:03 pm
ranjeet pardeshi
- घटना के आसपास बाघ के पगमार्क भी मिले
बुरहानपुर (नेपानगर). खकनार के गोंद्री गांव में एक किसान का शव क्षत विक्षत अवस्था में मिलने से सनसनी फैल गई। जब वन अमला और पुलिस मौके पर पहुंची तो शव की हालात देख दंग रह गए। आसपास पंजे के निशान देख वन्य प्राणी के हमले से मौत की संभावना जताई। फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद ही स्थति स्पष्ट होगी। वन अमला जांच में जुट गया है। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक गुरुवार सुबह ग्राम गोंद्री में किसान मुन्ना खोंगड़े कास्डेकर 38 का शव मिला। घटना की जानकारी जब लोग सुबह अपने खेत में काम करने के लिए निकले, तो पता चली। सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम पहुंची और शव की जांच पड़ताल कर पंचनामा बनाकर शव को पीएम के लिए रवाना किया।
यहां मिला शव
वनपरिक्षेत्र नावरा एवं खकनार तहसील के राजस्व ग्राम गोंद्री के निवासी मुन्ना पिता खोंगरे उम्र 38 वर्ष का क्षत विक्षत शरीर राजस्व क्षेत्र में ताप्ती नदी के पास झाडिय़ों के बीच पाया गया। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार मुन्ना परसों रात्रि में खेत पर फसल की रखवाली करने गए थे और संभवत: जंगली जानवर ने उन पर हमला करके मार दिया। मुन्ना के परिवार जनों ने कल उनको ढूंढने की कोशिश की थी, परंतु उनका मृत शरीर आज सुबह पाया गया।
यह अफसर पहुंचे मौके पर
सूचना प्राप्त होने के तुरंत बाद बुरहानपुर वनमंडल अधिकारी अनुपम शर्मा, नेपानगर उपवनमंडल अधिकारी अनिल विश्वकर्मा, उप वन मंडलाधिकारी भीकनगांव दिनेश वास्केल, खकनार तहसीलदार सुंदरलाल ठाकुर, नावरा वन परिक्षेत्र अधिकारी सीताराम नरगेश, सहायक उप निरीक्षक पुलिस एवं स्थानीय वन अमला मौका स्थल पर पहुंचे।