scriptसोना 100 रुपए फिसला, चांदी 50 रुपए चमकी | Gold prices hit demand bump, slides Rs100 | Patrika News

सोना 100 रुपए फिसला, चांदी 50 रुपए चमकी

Published: May 21, 2017 08:50:00 am

Submitted by:

santosh

दिल्ली सर्राफा बाजार में शनिवार को जेवराती मांग कमजोर रहने से सोना तीन दिन की तेजी खोता हुआ 100 रुपए फिसलकर 29,100 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया।

दिल्ली सर्राफा बाजार में शनिवार को जेवराती मांग कमजोर रहने से सोना तीन दिन की तेजी खोता हुआ 100 रुपए फिसलकर 29,100 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। वहीं, औद्योगिक मांग में सुधार से चांदी 50 रुपए चमककर 39,200 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। वैश्विक स्तर पर कल भारतीय समयानुसार देर रात तक बाजार बंद होते समय सोना हाजिर 8.55 डॉलर की तेजी के साथ 1,255.25 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया था लेकिन, स्थानीय स्तर पर आभूषण निर्माताओं की ओर से उठाव सुस्त पडऩे से यहां उसका फायदा पीली धातु को नहीं मिल सका।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कमजोर डॉलर के कारण सप्ताहांत पर शुक्रवार को सोना चमका है। डॉलर के कमजोर रहने से अन्य मुद्राओं वाले देशों के लिए इसका आयात सस्ता हो जाता है जिससे आम तौर पर इसकी माँग बढ़ जाती है। जून का अमेरिकी सोना वायदा भी शुक्रवार को 2.9 डॉलर की बढ़त में 1,255.70 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। हालांक, लंदन में चांदी हाजिर 0.02 डॉलर टूटकर 16.84 डॉलर प्रति औंस पर रही। 
स्थानीय बाजार में तीन दिन बाद सोने में गिरावट देखी गई है। सोना स्टैंडर्ड 100 रुपए टूटकर 29,100 रुपये प्रति दस ग्राम पर आ गया। सोना बिटुर भी इतनी ही नरमी के साथ 28,950 रुपये प्रति दस ग्राम बोला गया। हालाँकि, आठ ग्राम वाली गिन्नी मजबूती के साथ 24,400 रुपए पर टिकी रही। चांदी की औद्योगिक ग्राहकी आने से इसमें लगातार दूसरे दिन तेजी रही। चांदी हाजिर 50 रुपए चमककर 39,200 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। चांदी वायदा 135 रुपए की तेजी के साथ 39,135 रुपए प्रति किलोग्राम रही।
सिक्का लिवाली और बिकवाली गत दिवस के क्रमश: 71 हजार और 72 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर टिके रहें। कारोबारियों के अनुसार, आज बाजार पर मुख्यत: स्थानीय माँग का असर देखा गया है। जेवराती माँग कमजोर रहने से सोना टूटा है जबकि चांदी की औद्योगिक ग्राहकी में तेजी से इसे समर्थन मिला है। उनका कहना है कि डॉलर के मुकाबले रुपये के विनिमय दर के साथ आने वाले समय में सोने पर जीएसटी की दर बाजार के लिए एक प्रमुख कारक होगा तथा निवेशक अभी इसका इंतजार कर रहे हैं। 
इस बीच आने वाले सप्ताह में दोनों कीमती धातुओं के दाम तय करने में वैश्विक बाजार की महत्त्वपूर्ण भूमिका होगी। दिल्ली सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम (रुपये में) इस प्रकार रहे :- सोना स्टैंडर्ड प्रति दस ग्राम : 29,100 सोना बिटुर प्रति दस ग्राम : 28,950 चांदी हाजिर प्रति किलोग्राम : 39,200 चांदी वायदा प्रति किलोग्राम : 39,135 सिक्का लिवाली प्रति सैकड़ा : 71,000 सिक्का बिकवाली प्रति सैकड़ा : 72,000 गिन्नी प्रति आठ ग्राम : 24,400 रुपए।

ट्रेंडिंग वीडियो