बाजार

दिवाली से पहले 50 रुपए किलो तक हो सकती है चीनी, ये है बड़ा कारण

मांग बढ़ने के कारण मिलों ने बाजार में चीनी की आपूर्ति कम कर दी है।

Sep 23, 2018 / 02:17 pm

Manoj Kumar

दिवाली से पहले 50 रुपए किलो तक हो सकती है चीनी, ये है बड़ा कारण

नई दिल्ली। सरकार की ओर से पेट्रोल में एथेनॉल का मिश्रण बढ़ाने और एथेनॉल की कीमतों में बढ़ोतरी करने के बाद चीनी बाजार में तेजी आ गई है। इससे चीनी के थोक बाजार में स्टॉकिस्टों और थोक उपभोक्ताओं ने चीनी की खरीद तेज कर दी है। इससे चीनी का भाव लगातार बढ़ रहा है। जानकारों का कहना है कि त्योहारी सीजन में यह तेजी बरकरार रहती है तो दिवाली से पहले खुदरा बाजार में चीनी 50 रुपए प्रति किलो के आसपास तक जा सकती है। इसके अलावा बाजार में आई तेजी का फायदा चीनी मिलें भी उठा रही हैं और उन्होंने बाजार में चीनी की आपूर्ति कम कर दी है। आपूर्ति में कमी होने से भी थोक बाजार में चीनी का भाव लगातार तेज बना हुआ है।
कोल्डड्रिंक और आइसक्रीम कंपनियां कर रही ताबड़तोड़ खरीदारी

चीनी के थोक विक्रेता बाबूलाल पारेख के मुताबिक, मिलों की ओर से आपूर्ति कम किए जाने के कारण थोक भाव में आई तेजी के चलते बाजार में त्योहारी सीजन में चीनी के और महंगा होने की संभावनाएं बन गई हैं। इस कारण स्टॉकिस्ट और थोक उपभोक्ताओं ने चीनी की खरीदारी बढ़ा दी है। इसके अलावा कीमतों में बढ़ोतरी और त्योहारी सीजन को देखते हुए कोल्डड्रिंक और आइसक्रीम बनाने वाली कंपनियों ने भी चीनी की ताबड़तोड़ खरीदारी कर डाली है। आपूर्ति कम होने और मांग ज्यादा होने का कारण चीनी की कीमतों में लगातार तेजी हो रही है।
1 सप्ताह में प्रति क्विंटल 300 रुपए की तेजी

केंद्र सरकार की ओर से एथेनॉल की कीमतों में 25 फीसदी की बढ़ोतरी को मंजूरी दिए जाने के बाद से चीनी की कीमतों में लगातार तेजी दर्ज की जा रही है। बीते एक सप्ताह में चीनी की कीमतों में 300 रुपए प्रति क्विंटल तक की तेजी दर्ज की गई है। हालांकि, मिल के अनुसार चीनी की कीमतों में अलग-अलग तेजी दर्ज की गई है। इस समय चीनी के भाव 3300 रुपए प्रति क्विंटल से लेकर 3800 रुपए प्रति क्विंटल तक चल रहे हैं। यह भाव चीनी की गुणवत्ता पर निर्भर करते हैं।

Home / Business / Market News / दिवाली से पहले 50 रुपए किलो तक हो सकती है चीनी, ये है बड़ा कारण

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.