scriptझारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल | Former Jharkhand chief minister Madhu Koda joins Congress | Patrika News

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल

locationचाईबासाPublished: Nov 02, 2018 02:31:35 pm

Submitted by:

Prateek

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार ने मधु कोड़ा का माला पहनाकर पार्टी में स्वागत किया…

madhu koda file photo

madhu koda file photo

(रांची,चाईबासा): झारखंड में निर्दलीय विधायक रहने के बावजूद करीब दो वर्षो तक मुख्यमंत्री रहने वाले मधु कोड़ा गुरुवार को अपने गृह जिले चाईबासा में आयोजित एक समारोह में कांग्रेस में शामिल हो गए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार ने मधु कोड़ा का माला पहनाकर पार्टी में स्वागत किया। हाल ही में कांग्रेस में शामिल होने वाली मधु कोड़ा की पत्नी और जगन्नाथपुर की विधायक गीता कोड़ा भी इस मौके पर मौजूद थीं। इस मौके पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि देश की जनता का भाजपा से पूरी तरह से मोहभंग हो चुका है। आने वाले समय में जनता भाजपा को सबक सिखाएगी। मधु कोड़ा ने कहा कि वे बिना शर्त अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी में शामिल हो रहे हैं।


इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार ने कहा कि मधु कोड़ा और उनकी पत्नी गीता कोड़ा के पार्टी में शामिल होने से कोल्हान क्षेत्र में पार्टी को मजबूती मिलेगी। इससे पहले पिछले महीने मधु कोड़ा की पत्नी गीता कोड़ा ने नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात के बाद पार्टी में शामिल हो गई थी। गीता कोड़ा वर्ष 2009 और 2014 के चुनाव में जय भारत समानता पार्टी के सदस्य के रूप में चुनाव जीत चुकी है।


गीता कोड़ा ने वर्ष 2014 में भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में सिंहभूम संसदीय सीट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन वह भाजपा के लक्ष्मण गिलुवा से चुनाव हार गई थी। मधु कोड़ा और गीता कोड़ा के कांग्रेस में शामिल होने के बाद राजनीतिक हलकों में यह चर्चा है कि इस बार गीता कोड़ा कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में सिंहभूम संसदीय सीट से चुनाव लड़ेगी। हालांकि अभी विपक्षी दलों के गठबंधन बनाने पर भी चर्चा हो रही है,ऐसी स्थिति में महागठबंधन का स्वरूप तय हो जाने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो