चंडीगढ़ पंजाब

पांच माह बाद कांग्रेसी बना बिश्नोई दंपति, हजकां का कांग्रेस में किया था विलय

हरियाणा जनहित कांग्रेस का कांग्रेस में विलय करने के पांच माह बाद बिश्नोई दंपति संवैधानिक रूप से कांग्रेसी हो गया

चंडीगढ़ पंजाबSep 28, 2016 / 12:03 pm

युवराज सिंह

kuldeep bisnoi

चंडीगढ़। हरियाणा जनहित कांग्रेस का कांग्रेस में विलय करने के पांच माह बाद बिश्नोई दंपति संवैधानिक रूप से कांग्रेसी हो गया। कांग्रेस विधायक दल की तरफ से विधानसभा सचिव इस बारे में लिखित सूचना दे दी गई। जिसके बाद विधानसभा स्पीकर ने दोनों विधायकों के कांग्रेस में विलय को अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस विलय के साथ ही हरियाणा विधानसभा में कांग्रेस विधायकों की संख्या बढक़र 17 हो गई है।

हरियाणा में वर्ष 2005 में कांग्रेस पार्टी द्वारा भूपेंद्र सिंह हुड्डा को मुख्यमंत्री नामजद किए जाने के बाद तत्कालीन दावेदार स्वर्गीय भजनलाल तथा उनके बेटे कुलदीप बिश्नोई ने कांग्रेस पार्टी से अलग जाकर हरियाणा जनहित कांग्रेस का गठन किया था। हरियाणा के लोगों ने हजकां को पूर्ण रूप से स्वीकार नहीं किया और बीती 28 अप्रैल को कुलदीप बिश्नोई ने नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी व उपाध्यक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में हजकां का कांग्रेस में विलय कर दिया था। लगभग नौ वर्षों के बाद कुलदीप ने फिर से कांग्रेस में वापसी की है।

इस वापसी के बावजूद कुलदीप बिश्नोई तथा उनकी पत्नी रेणुका बिश्नोई संवैधानिक रूप से कांग्रेसी नहीं बन पाए थे क्योंकि उन्होंने इस बारे में कांग्रेस विधायक दल की नेता के माध्यम से विधानसभा स्पीकर को लिखित सूचना नहीं दी थी। हालही में हुए विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान दोनों को कांग्रेस में होने के बावजूद कांग्रेस से अलग बिठाया गया था।
 
इस उठापटक व राजनैतिक अटकलों के बीच कुलदीप बिश्नोई तथा कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने आज इस बारे में विधानसभा सचिव को लिखकर दिया तो उन्होंने इस विलय को संवैधानिक स्वीकृति प्रदान कर दी। अब विधानसभा रिकार्ड में यह दोनों कांग्रेस विधायक होंगे। विधानसभा में कांग्रेस विधायकों की संख्या बढक़र 17 हो गई है।

अगले विस सत्र में दोनों विधायकों को कांग्रेस विधायकों के साथ ही बैठाया जाएगा। इसी दौरान विधानसभा सचिव द्वारा स्वीकृति प्रदान किए जाने के बाद स्पीकर ने प्रदेश के सभी 90 विधायकों को इस बारे में सूचित कर दिया है।
विधानसभा की ताजा दलीय स्थिति
पार्टी- विधायक
भाजपा- 47
इनेलो – 19
कांग्रेस- 17
शिअद- 01
बसपा – 01
निर्दलीय- 05
कुल – 90

Hindi News / Chandigarh Punjab / पांच माह बाद कांग्रेसी बना बिश्नोई दंपति, हजकां का कांग्रेस में किया था विलय

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.